- November 14, 2026
रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की चुनावी हलचल तेज, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ली कार्यकर्ताओं की वृहद बैठक

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। आगामी दिनों में होने वाले रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कल रिसाली नगर निगम क्षेत्र के आशीर्वाद भवन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव की मुख्य उपस्थिति में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की वृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए महापौर सहित सभी 40 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में मंचासीन अतिथियों के रूप में लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक, विधायक श्री ललित चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जितेंद्र वर्मा, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय, रिसाली नगर निगम चुनाव सह प्रभारी द्वय श्रीमती श्वेता शर्मा एवं श्री आशु चंद्रवंशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, जिला महामंत्री श्री दिलीप साहू, जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी श्री शिवेंद्र परिहार, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक एवं मंडल प्रभारी श्री दिनेश देवांगन, मंडल अध्यक्ष श्री अनुपम साहू एवं श्री राजू जंघेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरे उत्साह, समर्पण और संकल्प के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस बार रिसाली नगर निगम में 41 कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। भाजपा सरकार ने ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है। आज छत्तीसगढ़ में चारों ओर विकास की गंगा बह रही है। विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन निरंतर हो रहा है और शासन द्वारा इन कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जा रही है।
श्री साव ने आगे कहा कि रिसाली नगर निगम में वर्तमान में कांग्रेस का महापौर होने के बावजूद क्षेत्र की जनता को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया। विकास के नाम पर केवल कागजी दावे किए गए, जबकि धरातल पर जनता को उसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र का कोई भी घर ऐसा नहीं छूटना चाहिए, जहां भाजपा का कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित प्रत्येक परिवार तक पहुंचें, हितग्राहियों से संवाद करें और भाजपा की विकासपरक सोच को जन-जन तक पहुंचाएं।
लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि रिसाली नगर निगम का यह चुनाव केवल महापौर और पार्षद चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य और विकास की दिशा तय करने का अवसर है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताए। जनता ने कांग्रेस के कार्यकाल में विकास की जो स्थिति देखी है, उसका जवाब इस चुनाव में अपने मताधिकार से देगी। हमें एकजुट होकर प्रत्येक वार्ड में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटना है।
जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। संगठन की शक्ति हमारे समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ प्रत्येक वार्ड में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क कर भाजपा के पक्ष में वातावरण तैयार करें। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि रिसाली नगर निगम में विकास और सुशासन की नई शुरुआत करना है।
विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रदेश में कहा जाता था कि कोई सीट जीते ना जीते लेकिन दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस पार्टी जरूर जीतेगी लेकिन आप सभी के अथक प्रयास और मेहनत के दम पर हमने यह इस सीट पर जीत दर्ज की फिर से आप सभी चुनावी रण पर उतरे और फिर से पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएं |
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। रिसाली नगर निगम में भी जनता बदलाव चाहती है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करें और उन्हें विश्वास दिलाएं कि भाजपा का जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने एक स्वर में रिसाली नगर निगम के सभी वार्डों में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया तथा कार्यकर्ताओं से चुनावी अभियान में पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।




