- November 14, 2026
नेहरू जयंती पर सेवादल एवं युवा कांग्रेस ने मरीजों को बांटे फल, वोरा और वर्मा पहुंचे जिला अस्पताल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस सेवादल एवं युवा कांग्रेस द्वारा दुर्ग जिला अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चाचा नेहरू को याद करते हुए उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा एवं आर.एन. वर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने देश में औद्योगिक विकास, बड़े बांधों, उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण ही उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि नेहरू जी के विचारों को याद करते हुए जरूरतमंदों की सेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस सेवादल एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




