- November 18, 2026
29 नवंबर से दुर्ग में पं. युवराज पाण्डेय जी की कथा, मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया कथा स्थल का भूमिपूजन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। दुर्ग शहर के बैगापारा मिनी स्टेडियम में आगामी 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शीतला सेवा समिति के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पूज्य पं. युवराज पाण्डेय जी के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। आयोजन की तैयारियों के क्रम में आज कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने विधि-विधान से कथा स्थल का भूमिपूजन कर आयोजन की सफलता एवं निर्विघ्न संपन्नता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, यातायात एवं सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात मंत्री श्री यादव ने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैगापारा एवं बघेरा में श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन के लिए बनाए गए कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किये। उन्होंने आयोजन की तैयारियों एवं जनसहभागिता को लेकर समिति के सदस्यों से चर्चा भी की।
इस दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव प्रभात फेरी में सम्मिलित हुए और क्षेत्रवासियों के साथ घर-घर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन का आमंत्रण दिये। उन्होंने दुर्गवासियों से इस पुनीत धार्मिक आयोजन में अन्नदान के माध्यम से सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, सेवा, सहयोग और भक्ति की भावना को बढ़ावा देते हैं। दुर्गवासियों की सामूहिक सहभागिता से यह आयोजन भव्य एवं यादगार बनेगा।




