- November 19, 2026
पुरैना में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए जिला प्रवक्ता नितेश साहू, बोले— भाजपा का महापौर और पार्षद बनेगा तो क्षेत्र में बहेगी विकास की गंगा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। वार्ड क्रमांक 38 पुरैना मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भाजपा जिला प्रवक्ता एवं अधिवक्ता नितेश साहू मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की।
अपने संबोधन में नितेश साहू ने कहा कि रिसाली नगर निगम में विकास को नई गति देने के लिए भाजपा का महापौर एवं प्रत्येक वार्ड में भाजपा का पार्षद होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वार्ड क्रमांक 38 में भाजपा का पार्षद नहीं होने और नगर निगम में कांग्रेस का महापौर होने के कारण क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब नगर निगम में भाजपा का महापौर और वार्ड में भाजपा का पार्षद होगा, तब विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा क्षेत्र में विकास की नई धारा बहेगी।
नितेश साहू ने विधायक श्री ललित चंद्राकर द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की गारंटी और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस के महापौर के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश में उनकी ही कांग्रेस की सरकार थी, तब भी क्षेत्र की समस्याओं का उचित समाधान नहीं हो पाया। महापौर ने दौरा तक नहीं किया उन्होंने नागरिकों से आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का सही उपयोग करते हुए भाजपा के पक्ष में समर्थन देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर खुलकर अपनी बात रखी। नितेश साहू ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए भाजपा कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर अभी से कमर कसने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस बार वार्ड में भाजपा का पार्षद और नगर निगम में भाजपा का महापौर बनाकर ही क्षेत्र की विकास की राह को प्रशस्त करना है। जब भाजपा का नेतृत्व होगा, तभी क्षेत्र में विकास की असली दीपावली मनेगी।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता लक्ष्मण नाग, अमित, संतोष, दुर्गेश बाघ, चंदन, रूपा, सोना, बबीता, बिनिया, द्रोपती यादव, गौरव टांडी, जगत महानंद, दिनेश सोना, राकेश चौहान, सुमित पटेल, अतिन संडी, राजेश चौहान, परमानंद बिनिया, अनिल बिनिया, शेषबाबू संडी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
दीपावली मिलन समारोह के माध्यम से नितेश साहू ने कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करते हुए आगामी नगर निगम चुनाव में भाजपा की विजय के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया।




