• November 20, 2026

ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर, कृषि महाविद्यालय कुरूद में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर, कृषि महाविद्यालय कुरूद में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

धमतरी। ग्रामीण युवाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें ग्रामीण विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद में आज नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान (Nationwide Gram Yuva Shakti Campaign–NGYSC) के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को कृषि आधारित उद्यमिता, स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

नाबार्ड एवं कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा के सामूहिक प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, बैंकिंग संस्थानों एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. अमीनुद्दीन कुरैशी, प्राध्यापक, सुश्री भूमिका हत्गिया, डॉ. दीपक ठाकुर, डॉ. युवराज सिंह ध्रुव, श्री विनोद मरकाम, डॉ. नम्रता कुर्रे, श्री प्रशांत चंद्राकर, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री इंदर कुमार तड़वानी, श्री सुरजीत सरदार, बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि, आरसेटी (RSETI) के प्रतिनिधि, जिला युवा अधिकारी सुश्री सृष्टि डोंसरे तथा नाबार्ड से श्री दिलीप कुमार दामानी सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मक सोच, तकनीकी ज्ञान और नवाचार की क्षमता का सकारात्मक उपयोग कर गांवों में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव लाया जा सकता है। युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाले उद्यमी और ग्रामीण विकास के सक्रिय सहभागी भी बन सकते हैं।

इस दौरान नाबार्ड की भूमिका एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उसके योगदान की जानकारी देते हुए युवाओं को कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों, स्वरोजगार, उद्यम स्थापना, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के बारे में बताया गया। उन्हें कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, विपणन तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित छोटे एवं लघु उद्यम विकसित करने की संभावनाओं से भी परिचित कराया गया। बताया गया कि उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर युवा गांवों में ही रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर विकसित कर सकते हैं।

लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री इंदर कुमार तड़वानी एवं बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता, बैंक ऋण तथा स्वरोजगार के लिए उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को बैंकिंग प्रणाली से जुड़ने, नियमित बचत की आदत विकसित करने, वित्तीय लेन-देन में जागरूकता बरतने तथा अपनी व्यावसायिक योजनाओं के अनुरूप बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के प्रतिनिधियों ने कौशल आधारित प्रशिक्षण की उपयोगिता बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से युवा विभिन्न व्यवसायों में दक्षता हासिल कर स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकते हैं। जिला युवा अधिकारी सुश्री सृष्टि डोंसरे ने युवाओं की सामाजिक भागीदारी, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यशाला में इस बात पर भी जोर दिया गया कि ग्रामीण विकास केवल शासन-प्रशासन अथवा किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवा अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से किसानों की समस्याओं के समाधान, आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस आयोजन से उन्हें नाबार्ड, बैंकिंग संस्थानों, आरसेटी एवं युवा विकास से जुड़ी गतिविधियों तथा उपलब्ध अवसरों की व्यावहारिक जानकारी मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनमें उद्यमशील सोच, आत्मविश्वास और ग्रामीण विकास के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

 

 

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी,9425564553 ,6265741003,


Related News

धान खरीदी से पहले किसानों के खसरा, रकबा और फसल प्रविष्टियों में होगा सुधार, समिति स्तर पर शुरू हुई खसरा मैपिंग

धान खरीदी से पहले किसानों के खसरा, रकबा और फसल प्रविष्टियों में…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   धमतरी। धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला…
मृत्यु के बाद भी दुनिया को रोशन करेंगी बिरझा बाई की आंखें, धमतरी जिले में 68वां नेत्रदान संपन्न

मृत्यु के बाद भी दुनिया को रोशन करेंगी बिरझा बाई की आंखें,…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   धमतरी। इंसान दुनिया से विदा हो जाता है, लेकिन उसके नेक कार्य दूसरों…
अकवान चक्रवात को लेकर कृषि विभाग ने जारी की एडवाइजरी, फसल नुकसान के 72 घंटों में सूचना देने की अपील

अकवान चक्रवात को लेकर कृषि विभाग ने जारी की एडवाइजरी, फसल नुकसान…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   बेमेतरा। चक्रवाती तूफान अकवान के मद्देनजर जिले के कृषकों से अपील की गई…