• November 23, 2026

मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल से दुर्ग शहर में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 130 से अधिक नए विद्युत पोल और 15 ट्रांसफार्मर लगेंगे, मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में ₹149.76 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति

मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल से दुर्ग शहर में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 130 से अधिक नए विद्युत पोल और 15 ट्रांसफार्मर लगेंगे, मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में ₹149.76 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति

ट्राई सिटी एक्सप्रेस न्यूज

 

 

दुर्ग। दुर्ग शहर के विभिन्न वार्डों और नई विकसित हो रही बस्तियों एवं कॉलोनियों में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। दुर्ग नगर संभाग में विद्युत विस्तार कार्यों के लिए दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹149.76 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 130 से अधिक नए विद्युत पोल लगाने के साथ 15 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही आवश्यकता के अनुसार विद्युत लाइन विस्तार और पोल शिफ्टिंग के कार्य, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, फीडर का विस्तार भी किए जाएंगे। इसके अलावा नागरिकों के मांग के अनुरूप घर व रास्ता से लगे बिजली पोल शिफ्टिंग, आवश्यकतानुसार बिजली तार हटाने का कार्य किये जायेंगे।
शहर के नागरिकों, पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार नई बस्तियों और कॉलोनियों में बिजली के पोल एवं लाइन विस्तार की मांग की जा रही थी। कई क्षेत्रों में आबादी बढ़ने के बावजूद विद्युत अधोसंरचना के विस्तार की आवश्यकता बनी हुई थी। नागरिकों की इन समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय इंजीनियरों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के सभी जोन के कार्यपालन अभियंताओं को नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार विद्युत पोल, लाइट और अन्य सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। दुर्ग जिला मुख्यालय होने के कारण शहर में जिलेभर से लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों एवं बस्तियों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुचारु विद्युत आपूर्ति नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
*15 नए ट्रांसफार्मर से विद्युत लोड की समस्या होगी दूर*
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 15 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों में विद्युत लोड की समस्या कम करने और बिजली व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, नई विकसित कॉलोनियों में विद्युत लाइन विस्तार होने से रहवासियों को लंबे समय से हो रही परेशानियों से राहत मिलेगी।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर के आउटर क्षेत्रों में विकसित हो रही कॉलोनियों में विद्युत लाइन विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों की स्वीकृति दिलाई गई है। हमारा प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और नागरिकों को बेहतर विद्युत व्यवस्था का लाभ मिले।

*इसके पहले 1,674 विद्युत पोल*
दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंत्री गजेन्द्र यादव पूर्व में भी विद्युत पोल की स्वीकृति कराये हैं। उन्होंने अपनी विधायक निधि नगर निगम को प्रदान की थी, जिससे विद्युत पोलों पर लाइट लगाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त उरला क्षेत्र की नई कॉलोनियों में बीते वर्ष 67 विद्युत पोल तथा मार्च माह में 702 विद्युत पोल और 10 ट्रांसफार्मर लगाने के कार्यों की स्वीकृति दी गई थी।
शहर में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री गजेन्द्र यादव ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दुर्ग शहर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


Related News

सोढ़ से बेरला होते हुए मलपुरीखुर्द जाते समय दुधनंगा नाला के पास हुई थी झपटमारी की घटना, प्रकरण का एसपी त्रिलोक बंसल ने किया खुलासा

सोढ़ से बेरला होते हुए मलपुरीखुर्द जाते समय दुधनंगा नाला के पास…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   प्रार्थी गंगु राम यादव पिता तुला राम यादव उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम…
पुरानी रंजिश एवं विवाद को लेकर आरोपी ने युवक के सिर पर भारी वस्तु से किया जानलेवा हमला

पुरानी रंजिश एवं विवाद को लेकर आरोपी ने युवक के सिर पर…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   बेमेतरा। दिनांक 21.11.2026 को प्रार्थिया पूर्णिमा बंजारे पति कमलेश बंजारे उम्र 31 साल…
महानदी स्कूल में एचआईवी के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नाटक एवं गायन के माध्यम से छात्राओं ने दिया जागरूकता का संदेश, रेड रिबन क्लब एवं रेडक्रॉस के तत्वावधान में विद्यार्थियों को दी गई संक्रमण, बचाव और उपचार की जानकारी

महानदी स्कूल में एचआईवी के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नाटक एवं गायन…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   धमतरी। विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, एचआईवी/एड्स से संबंधित भ्रांतियों को…