- November 24, 2026
गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मत्था टेकने गुरुद्वारा में उमड़े श्रद्धालु, दुर्ग गुरुद्वारा पहुंचे कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने की विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये देने घोषणा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर में सिख समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां सुबह से ही गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन और मत्था टेकने के लिए सिख समाज सहित अन्य समाजों के श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। ज्ञानी जत्थे द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन के माध्यम से गुरुनानक देव जी के मानवता, प्रेम, समानता, सद्भावना और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, पूर्व सभापति राजकुमार नारायणी, कांग्रेस नेता परमजीत सिंह भुई, गुरदीप सिंह भाटिया, पूर्व पार्षद फतेह सिंह भाटिया सहित भाजपा-कांग्रेस के अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी गुरुद्वारा पहुंचे। सभी ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि गुरुनानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, सद्भावना और सेवा का संदेश दिया है। उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर हम समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए उस कठिन दौर में सिख समाज द्वारा किए गए सेवा और मानवता के कार्यों की विशेष सराहना की। श्री यादव ने गुरुद्वारा परिसर में निर्माणाधीन विकास कार्यों को गति देने के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सिख समाज के साथ ही विभिन्न समाजों के लोगों ने एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण किया और सेवा एवं समरसता की परंपरा में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान अरविंदर सिंह खुराना, जितेंदर सिंह, इंद्रपाल सिंह भाटिया, दुर्ग ट्रक मालिक संघ अध्यक्ष गुरदीप सिंह (राजा), सचिव मनमीत सिंह, कोषाध्यक्ष सिंगारा सिंह, मैनेजमेंट इंचार्ज रेशम सिंह, विनोद अरोरा, संदीप सिंह भाटिया, सतविंदर सिंह, राजू सिंह, भूपेंदर सिंह, राजू भाटिया, हरमीत सिंह भाटिया, जस्सी सिंह, दलप्रीत सिंह भाटिया, सुखदेव सिंह (राजू), कंवलजीत सिंह ओबेरॉय, प्रिंस कब्बरवाल, गुरविंदर सिंह, अवतार सिंह रंधावा, सुरेंदर सिंह कब्बरवाल, मनिंदर सिंह, राजेंदर पाल अरोरा, तरसेम सिंह, इंदरजोत सिंह भाटिया, देवेंदर सिंह भाटिया, राजेंदर सिंह, रिमपाल सिंह, जसपाल सिंह सहित दुर्ग-भिलाई के गुरुद्वारों के प्रधान, स्त्री सत्संगत की महिला जत्था, खालसा पब्लिक स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पूज्य सिंधी जनरल पंचायत द्वारा भी श्रद्धा और उल्लास के साथ खुशियां मनाई गईं। इस अवसर पर स्टेशन रोड स्थित सिंधी धर्मशाला में महाप्रसादी का वितरण किया गया। महाप्रसादी ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस आयोजन के माध्यम से समाज के लोगों ने गुरुनानक देव जी के प्रेम, सेवा और मानवता के संदेश को स्मरण किया।




