- November 25, 2026
प्रेमलता साहू को जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष, हेमा साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सुश्री श्रद्धा सोनी को प्रदेश महासचिव बनाए जाने पर कांग्रेसजनों ने दी बधाई

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश एवं जिला महिला कांग्रेस संगठन में हुए महत्वपूर्ण संगठनात्मक विस्तार के तहत दुर्ग की सक्रिय एवं कर्मठ महिला नेत्री श्रीमती प्रेमलता साहू को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर की महिला कांग्रेस अध्यक्ष, श्रीमती हेमा साहू को प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष तथा पूर्व पार्षद एवं सक्रिय कांग्रेस नेत्री सुश्री श्रद्धा सोनी को प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी का महासचिव नियुक्त किए जाने पर कांग्रेसजनों एवं महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। तीनों महिला नेत्रियों की नियुक्ति पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इन नियुक्तियों को दुर्ग शहर में महिला कांग्रेस संगठन के विस्तार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। श्रीमती प्रेमलता साहू जिला स्तर पर महिला कांग्रेस को मजबूत करने, वार्ड स्तर तक संगठन की व्यवस्थित संरचना तैयार करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और आम महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का कार्य करेंगी। श्रीमती हेमा साहू प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा प्रदेशभर में महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वहीं पूर्व पार्षद सुश्री श्रद्धा सोनी का संगठनात्मक अनुभव एवं जनप्रतिनिधि के रूप में किया गया कार्य संगठन के लिए उपयोगी साबित होगा।
**जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल ने तीनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि** श्रीमती प्रेमलता साहू को जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष, श्रीमती हेमा साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सुश्री श्रद्धा सोनी को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना दुर्ग शहर कांग्रेस के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। तीनों ही महिला नेत्रियों का संगठन के प्रति समर्पण और सक्रियता सराहनीय है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगी।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस किसी भी राजनीतिक संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति होती है। जब महिलाएं संगठन में नेतृत्व की भूमिका निभाती हैं तो संगठन की पहुंच समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक परिवार तक मजबूत होती है। श्रीमती प्रेमलता साहू दुर्ग शहर में वार्ड स्तर तक महिला कांग्रेस को संगठित और मजबूत करने का कार्य करेंगी, वहीं श्रीमती हेमा साहू एवं सुश्री श्रद्धा सोनी प्रदेश स्तर पर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक महिलाओं और युवतियों को कांग्रेस संगठन से जोड़कर उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान किए जाएं।
**श्री बाकलीवाल ने पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती कन्या ढीमर के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि** उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान महिला कांग्रेस संगठन को पूरी सक्रियता, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने महिलाओं को संगठन से जोड़ने, महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों और पार्टी के प्रत्येक महत्वपूर्ण आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका रही। उनके नेतृत्व में महिला कांग्रेस की गतिविधियों को नई गति मिली। मैं उनके कार्यकाल में किए गए उत्कृष्ट संगठनात्मक कार्यों के लिए उनका हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं। मुझे विश्वास है कि श्रीमती कन्या ढीमर आगे भी कांग्रेस संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ी रहेंगी और पार्टी को मजबूत बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी। संगठन में उनका अनुभव और सहयोग हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा और सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता है। हमारा लक्ष्य है कि दुर्ग शहर के प्रत्येक वार्ड में महिला कांग्रेस की मजबूत टीम तैयार हो और महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा तथा उनकी समस्याओं को लेकर संगठन निरंतर संघर्ष करे।
**तीनों नवनियुक्त पदाधिकारियों श्रीमती प्रेमलता साहू, श्रीमती हेमा साहू एवं सुश्री श्रद्धा सोनी ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए** अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा एवं प्रदेश कांग्रेस के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व का धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री भूपेश बघेल के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, सहयोग एवं संगठन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं को सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही है।
तीनों नेत्रियों ने जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल का भी विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व, सहयोग और प्रोत्साहन से दुर्ग शहर में कांग्रेस संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन ने जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगी तथा महिलाओं को संगठन से जोड़कर वार्ड से लेकर प्रदेश स्तर तक महिला कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेंगी।
अंत में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के समस्त कांग्रेसजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों महिला नेत्रियों के नेतृत्व, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती कन्या ढीमर के अनुभव और सभी महिला कार्यकर्ताओं के सहयोग से महिला कांग्रेस संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगा।




