- November 26, 2026
किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। कोई भी पात्र किसान धान खरीदी से वंचित न रहे, यह हमारी पहली प्राथमिकता

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने सेवा सहकारी समिति कातरो का निरीक्षण किया और वहां चल रही धान खरीदी का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने समिति में धान खरीदी की व्यवस्थाओं, तौल, बारदाना, भुगतान एवं किसानों की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। कोई भी पात्र किसान धान खरीदी से वंचित न रहे, यह हमारी पहली प्राथमिकता है।
*किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना -*
समस्त किसान भाइयों को सूचित किया जाता है कि जिन कृषक भाइयों ने अपना एग्रीस्टैक (AgriStack) पंजीयन करवा लिया है, लेकिन उनका धान खरीदी पोर्टल में रकबा दर्ज नहीं हुआ है या रकबा 0 दिखा रहा है, उनके लिए रकबा जोड़ने एवं संशोधन करने का विकल्प सहकारी समिति के मॉड्यूल में उपलब्ध करा दिया गया है।
अतः जिन किसानों का रकबा धान खरीदी पोर्टल में नहीं जुड़ा है, या रकबा 0 दिखा रहा है, वे अपने संबंधित सहकारी समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर से संपर्क कर अपना रकबा जोड़ने एवं संशोधन का कार्य अवश्य करवा लें।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि धान खरीदी के समय किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपनी सहकारी समिति में जाकर रकबा जांच अवश्य करा लें। यदि रकबा दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो तत्काल संशोधन करवा लें।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में हर सुविधा उपलब्ध करा रही है। सभी किसान भाई इस सूचना का लाभ उठाएं और समय पर अपना कार्य पूर्ण कराएं।
माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मोदी की हर गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषक उन्नति योजना के तहत ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिया जा रहा है।
प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके आर्थिक सशक्तिकरण और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है।धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो ये सुशासन सरकार का संकल्प है।




