- November 26, 2026
मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल से दुर्ग शहर को मिली बड़ी सौगात, 9.10 करोड़ रुपये से सड़कों और चौक-चौराहों का होगा कायाकल्प

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास और सुशासन का सिलसिला निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने सौगात मिली है। शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव के सतत प्रयासों से दुर्ग शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण, उन्नयन और सौंदर्यीकरण के लिए 9 करोड़ 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।
इस स्वीकृति से शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में शामिल पटेल चौक की तस्वीर बदलेगी। इसके साथ ही बस स्टैंड से पचरीपारा होते हुए गणेश मंदिर मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य प्रमुख मार्गों का विकास किया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने से शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन पहले से अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित होगा।
*पटेल चौक का होगा कायाकल्प* –
दुर्ग शहर के प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त पटेल चौक का चौड़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। इसके अंतर्गत चौक के चारों ओर चौड़ी सड़क, सर्विस रोड, डिवाइडर, आइलैंड, रेलिंग, फुटपाथ, नाली निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं विद्युतीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं। इससे चौक पर यातायात का दबाव कम होगा, वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और शहर के प्रमुख प्रवेश एवं संपर्क मार्गों पर आवागमन सुगम बनेगा।
*बस स्टैंड से गणेश मंदिर मार्ग तक चौड़ीकरण* –
स्वीकृत हुए राशि से दुर्ग बस स्टैंड से पचरीपारा पहुंच मार्ग तथा पचरीपारा से गणेश मंदिर मार्ग में पानी टंकी तक के संकरे हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही बस स्टैंड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉम्प्लेक्स के पीछे की सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 14 मीटर तक करने का प्रस्ताव है। इन मार्गों के उन्नयन से शहर के प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा।
*सड़क, फुटपाथ, नाली और प्रकाश व्यवस्था से बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं*
इन विकास कार्यों में केवल सड़क चौड़ीकरण ही नहीं, बल्कि नागरिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। फुटपाथ निर्माण से पैदल चलने वाले नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। नाली निर्माण से जल निकासी बेहतर होगी तथा जलभराव की समस्या में कमी आएगी। वहीं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रात के समय भी आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दुर्ग शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। शहर की बढ़ती आबादी और यातायात की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़कों, चौक-चौराहों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग की जनता को बेहतर सड़क, सुगम यातायात और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। शहर के विकास के लिए लगातार शासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और जनहित से जुड़े कार्यों को स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में दुर्ग के विकास को नई दिशा और गति मिल रही है। हमारा संकल्प है कि दुर्ग की पहचान एक सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में बने। विकास के ये कार्य केवल सड़कों का विस्तार नहीं, बल्कि दुर्गवासियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
इन कार्यों की स्वीकृति से दुर्ग शहर के विकास को एक नई गति मिलेगी। आने वाले समय में शहरवासियों को बेहतर सड़क नेटवर्क, व्यवस्थित यातायात और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और दुर्ग निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करे।




