- November 27, 2026
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, ब्लैक स्पॉट सुधारने और यातायात नियमों के सख्त पालन पर जोर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने संयुक्त रूप से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार, ब्लैक स्पॉट के सुधार, अवैध पार्किंग, ओवर स्पीडिंग एवं नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि एक भी सड़क दुर्घटना केवल आंकड़ा नहीं है, उसके पीछे एक परिवार की बड़ी क्षति छिपी होती है। इसलिए सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पंचायत विभागों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने बैठक में जिले में पिछले महीनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं, उनके प्रमुख कारणों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने के कारण हो रही हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध निरंतर चालानी कार्रवाई की जाए और किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित मोड़ों, चौराहों एवं स्कूल-हॉस्पिटल के समीप स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। खराब सड़कों, गड्ढों एवं अंधेरे वाले स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नगरीय क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, अतिक्रमण एवं ठेलों के कारण यातायात बाधित होने पर कलेक्टर ने नगर पालिका को अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। बस स्टैंड, बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर यातायात सुगम बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
शिक्षा विभाग को विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, जेब्रा क्रॉसिंग एवं यातायात संकेतों के महत्व के बारे में बताया जाएगा। स्कूली बसों की फिटनेस, चालकों का लाइसेंस एवं क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने को लेकर परिवहन विभाग को नियमित जांच के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने, 108 एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता एवं ट्रॉमा केयर व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) के तहत घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई।
अंत में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्णयों का समयबद्ध पालन किया जाए और आगामी बैठक में की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, जिला परिवहन अधिकारी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी,9425564553 ,6265741003,




