- November 27, 2026
नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के संबंध में न्यायिक अधिकारीगण एवं प्रशासनिक अधिकारीगण की हुई बैठक

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के आदेशानुसार आगामी नेशनल लोक अदालत 12 दिसम्बर 2026 के सफल आयोजन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता माननीय श्रीमती सरोज नंद दास, प्रधान जिला न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा ने की। बैठक में सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, कलेक्टर बेमेतरा, श्रीमान् त्रिलोक बंसल, पुलिस अधीक्षक बेमेतरा, श्री देवेन्द्र कुमार, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, बेमेतरा, श्रीमती साक्षी दीक्षित, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, बेमेतरा, श्रीमान् मोहित सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बेमेतरा, श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
माननीय अध्यक्ष द्वारा बैठक में पुलिस विभाग को निर्देश दिया गया कि न्यायालय से पक्षकारों को प्री-सीटिंग हेतु जारी किये जा रहे नोटिस की तामिली पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का निराकरण करा सकें।
सचिव महोदय द्वारा बताया गया कि नेशनल लोक अदालत में निम्न प्रकृति के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा । न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य आपराधिक मामले, चेक बाउन्स संबंधी न्यायालय में लंबित प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक / पारिवारिक विवाद संबंधी प्रकरण, सिविल वाद,बिजली व पानी बिल बकाया संबंधी विवाद, आपदा प्रबंधन क्षतिपूर्ति संबंधी विवाद मामलों का निराकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही राजस्व प्रकरण से संबंधित अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निराकरण के लिए समय सीमा पर प्रस्तुतिकरण, पंजीयन एवं नोटिस तामिली किये जाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारीगण से प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के पक्षकारों पर नोटिस की तामिली एवं उनके साथ सौहार्दपूर्ण रूप से राजीनामा करने के लिए निर्देशित किया गया। सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ लोक अदालत को सफल बनाने कहा गया ।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी,9425564553 ,6265741003,




