- November 27, 2026
फेडरेशन कप एवं वेस्टर्न इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शामिल होकर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया – ललित चंद्राकर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग के खालसा पब्लिक स्कूल, मालवीय नगर चौक के पास दुर्ग जिला एवं छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित फेडरेशन कप एवं वेस्टर्न इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) – 2026 में शामिल होकर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ललित चंद्राकर ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचायक है। पावरलिफ्टिंग जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में खिलाड़ियों का कठिन परिश्रम और संकल्प सराहनीय है। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें, यही हमारा प्रयास है। इसके लिए डबल इंजन भाजपा सरकार निरंतर प्रयासरत है।
*पावरलिफ्टिंग – ताकत के साथ अनुशासन की परीक्षा*
पावरलिफ्टिंग एक ऐसा खेल है, जिसमें केवल शारीरिक ताकत ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, सही तकनीक, संतुलित आहार और निरंतर अभ्यास की भी परीक्षा होती है। इसमें स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट जैसे तीन मुख्य इवेंट होते हैं। हर इवेंट में खिलाड़ी को अपने वजन वर्ग के अनुसार अधिक से अधिक वजन उठाना होता है।
यह खेल युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर रखकर अनुशासन, धैर्य और आत्मनियंत्रण की ओर ले जाता है। दुर्ग में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप से यहां के युवाओं को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को करीब से देखने, सीखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिला है।
*खिलाड़ियों के लिए सरकार का संकल्प*
ललित चंद्राकर ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
खेलो इंडिया योजना के माध्यम से ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। स्टेडियम, खेल मैदान, जिम और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बाहर न जाना पड़े।
प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल प्रोत्साहन राशि, सरकारी नौकरियों में खेल कोटा और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मान व आर्थिक सहायता का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रहे। हर खिलाड़ी को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले, यही सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने इस दौरान सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पावरलिफ्टिंग प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र बंछोर, महासचिव कृष्णा साहू, संरक्षक कैलाश जैन बरमेचा, संगठन सचिव नमस्कार टंडन, रूही अग्रवाल, मानसी गुलाटी, अनीता तिवारी, आनंद बटेही, गोपाल यादव, दिलीप बरमेचा, दिनेश कुमार गुप्ता, घनश्याम देवांगन एवं अब्दुल वाहिद खान सहित खिलाड़ी एवं कोच उपस्थित रहे।




