- November 27, 2026
जिले में युवा उत्सव का गरिमामय आयोजन, प्रतिभाओं को मिला सम्मान

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। जिले में युवा उत्सव का आयोजन बड़े ही गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम स्थल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कंतेली में सुबह से ही युवाओं की चहल-पहल, रंग-बिरंगी वेशभूषा और सांस्कृतिक उमंग से भरा हुआ था। जिले के विभिन्न विकासखंडों, महाविद्यालयों और विद्यालयों से आए सैकड़ों युवा प्रतिभागियों ने इस उत्सव में हिस्सा लिया और अपनी कला, हुनर और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। दर्शकों ने हर प्रस्तुति पर तालियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
*विभिन्न विधाओं में हुई प्रतियोगिताएं*
युवा उत्सव में विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लोक नृत्य, लोक गीत, एकल नृत्य, समूह नृत्य, चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद, भाषण, नाटक, कविता पाठ, पारंपरिक वेशभूषा और खेलकूद से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख रहीं।
प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। लोक नृत्य की थाप पर पूरा पंडाल झूम उठा। वहीं चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता में युवाओं ने अपने विचारों और कल्पनाओं को कैनवास और कागज पर उतारा। वाद-विवाद और भाषण में युवाओं की तर्कशक्ति और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।
निर्णायक मंडल ने सभी प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। हर विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया।
*विजेताओं को मिला सम्मान*
कार्यक्रम के समापन समारोह में विभिन्न विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। कई प्रतिभागी भावुक भी नजर आए।
अतिथियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कहा कि हार-जीत से ऊपर उठकर निरंतर प्रयास करते रहें। एक दिन यही प्रयास उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा।
*मुख्य अतिथि विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा, युवा ही भावी भारत का भविष्य हैं*
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा भावी भारत के भविष्य हैं। युवाओं के कंधों पर ही देश के उज्ज्वल भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं के हुनरों को तराश कर विश्व स्तर पर परचम लहराने का अवसर मुहैया कराया जा रहा है।
श्री साहू ने कहा कि शासन द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। युवा उत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे और नकारात्मकता से दूर रहें और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने आगे कहा कि युवा शिक्षा, कला, खेलकूद एवं अन्य विविध विधाओं के दम पर विश्व स्तर पर भारत का मान बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आज गांव के युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। यह भारत के बदलते और बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक है।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*
युवा उत्सव में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। छत्तीसगढ़ी लोक गीतों, पारंपरिक नृत्यों और नाटकों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवाओं ने सामाजिक संदेश देने वाले नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ, नशा मुक्ति और स्वच्छता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस सफल आयोजन ने जिले के युवाओं में नई ऊर्जा, नया आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भर दी। इस अवसर पर नगर पालिका बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिंहा, छत्तीसगढ़ राजक कार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री राजेंद्र शर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती योगेश कल्पना तिवारी,सीईओ श्रीमती प्रेमलता पदमाकर, श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी,अपर कलेक्टर श्री अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, एसडीएम श्रीमती दिव्या पोटई, डिप्टी कलेक्टर श्री जगतराम सतरंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, खेल एवं युवा कल्याण विकास अधिकारी श्री उपेंद्र सेंगर, शिक्षक गण, शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी कर्मचारी बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी,9425564553 ,6265741003,




