• June 29, 2023

महापौर ने कर्मठता का परिचय दिया, इंटकवेल में स्वयं नीचे उतरकर सायफन में फंसा कचरा साफ करवाया

महापौर ने कर्मठता का परिचय दिया, इंटकवेल में स्वयं नीचे उतरकर सायफन में फंसा कचरा साफ करवाया

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

दुर्ग निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल ने अपने कार्य के प्रति एक बार फिर कर्मठता का परिचय दिया है। उन्हें जैसे ही पता चला कि शहर के एक बड़े हिस्से में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, वैसे ही वे 24 एमएलडी फिल्टर प्लांट के इंटकवेल पहुंच गए। जहां उन्होंने स्वयं इंटकवेल में नीचे उतरकर सायफन में फंसे कचरे को बाहर निकाला। आधे घंटे से ज्यादा समय वे गर्मी और उमस के बीच गोताखोरों के साथ नीचे से कचरा हटाने में जुटे रहे। इस दौरान एमआईसी मनदीप सिंह, संजय कोहले, विजेंद्र भारद्वाज, कुलेश्वर साहू, निगम अधिकारी लोकेश चंद्राकर, प्रकाश थवानी, नारायण ठाकुर सहित अन्य डटे रहे। महापौर ने कहा कि जनता उनकी पहली प्राथमिकता में हैं, उन्हें किसी प्रकार से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने तत्काल नदी के आसपास से जलकुंभी हटाने और इसका स्थाई समाधान करने के लिए आयुक्त लोकेश चंद्रकार को निर्देशित किया। अधिकारियों ने इस कार्य के लिए 15 दिन का समय मांगा। इस पर महापौर ने जितना जल्दी हो सके, काम पूरा करने कहा। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दिनों में सायफन में कचरा फंसने की घटना लगातार हो रही है। इस बार नदी में प्लास्टिक के थैले, झिल्ली, पन्नियां बड़ी मात्रा में आ गईं, इस वजह से दिक्कत हुई। महापौर ने स्वयं ऐसी पन्नियों को सायफन से बाहर निकाला। बहरहाल मोटर बंद हैं, सफाई के साथ उन्हें चालू का प्रयास किया जा रहा है। महापौर ने शहर विधायक अरुण वोरा का आभार भी व्यक्त किया है, उन्होंने कहा कि शहर विधायक ने ही उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद तत्काल निगम की पूरी टीम इंटकवेल पहुंची और समस्या का समाधान का प्रयास शुरू हो सका।
सड़क नहीं बनाई पेंचवर्क कराया गया है
महापौर ने शनिचरी बाजार से गंजपारा के मध्य सड़क बनाए जाने के बारे में भी जानकारी ली। इस पर अधिकारियों ने बताया कि सड़क नहीं बनाई गई है। सिर्फ गड्‌ढों को भरने के लिए पेंचवर्क किया गया है, ताकि लोगों को बारिश के दिनों में आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। सड़क डामर का लेयर नहीं डाला गया है। बारिश के दिनों में यदि लेयर डाल दिया जाएगा, तो सड़क और भी जल्दी खराब होगी। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस पर महापौर ने कहा कि सोशल मीडिया में कुछ लोग अनावश्यक निगम और हमारे अधिकारी-कर्मचारियों के कामों को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। निगम ऐसे लोगों को पहचान चुका है। उन्होंने कहा कि निगम में हर अधिकारी पूरी ईमानदारी से काम कर रहा है।
पब्लिक की शिकायतों के लिए निगम दरबार खुला हुुआ
महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि पब्लिक की हर शिकायत के लिए निगम का दरबार खुला हुआ है। शिकायत का परीक्षण कर उसका निराकरण भी किया जा रहा है। लोग सीधे उन्हें भी फोन पर समस्या से अवगत करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नालों और नालियों की सफाई युद्ध स्तर पर जारी है। आपदा से निपटने के लिए निगम में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। कार्य की गुणवत्ता की निगरानी के लिए वार्डों के पार्षदों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वे स्यवं भी समय-समय पर वार्डों का दौरा कर कामों की गुणवत्ता का परीक्षण करा रहे हैं।


Related News

दुर्ग निगम में पहली बार महिला आईएएस की पदस्थापना, लीना कोसम को सौंपी गई कमान, अफसरों और जनप्रतिनिधियों का लंबे समय से चले आ रहा कमीशन का खेल खतरे में

दुर्ग निगम में पहली बार महिला आईएएस की पदस्थापना, लीना कोसम को…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। दुर्ग निगम में पहली बार एक महिला आईएएस को आयुक्त के पद…
नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने किया श्रद्धा सुमन अर्पित

नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने किया श्रद्धा…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस…
सहकारी समितियों का कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया दौरा, धान भंडारण व्यवस्था का लिया जायजा; खाद की कमी को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सहकारी समितियों का कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया दौरा, धान भंडारण…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश में धान उपार्जन एवं संग्रहण…