- October 16, 2026
करुणा, प्रयास और डॉन अभियान” के तहत विशेष जागरूकता अभियान 14 से 17 अक्टूबर तक

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा), बिलासपुर के निर्देशन में, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा माननीय श्रीमती सरोज नंद दास के मार्गदर्शन तथा सचिव श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव के दिशानिर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा तीन विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
*करुणा अभियान – वरिष्ठ नागरिकों के लिए:*
असहाय एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की पहचान, उनके अधिकारों का संरक्षण, विधिक सहायता एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा *भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007* के प्रावधानों, भरण-पोषण प्राप्त करने के अधिकार और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है।
*प्रयास अभियान – बेसहारा बच्चों के लिए:*
दिनांक 14 से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में बेसहारा, सड़क पर रहने वाले एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) एवं पुलिस विभाग के समन्वय से ऐसे बच्चों को बाल अधिकारों, शिक्षा, संरक्षण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा विधिक सहायता एवं पुनर्वास से जोड़ा जा रहा है।
*डॉन अभियान (नालसा की नई स्कीम) – नशा मुक्ति जागरूकता:*
बच्चों तथा युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने, उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु यह अभियान चलाया जा रहा है।
जिले के विभिन्न स्थानों – सिग्नल चौक, बस स्टैंड, चौपाटी, मंदिरों एवं दुर्गा पंडालों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर्स (PLV) द्वारा विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 62657 41003,




