- December 17, 2025
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत एएसपी बेमेतरा ज्योति सिंह ने बेमेतरा विकासखण्ड के शासकीय हाई स्कूल अर्जुनी का किया निरीक्षण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के द्वारा विकासखण्ड बेमेतरा के शासकीय हाई स्कुल अर्जुनी का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सामुदायिक भागीदारी को सुदृढ़ बनाना है।
*निरीक्षण के दौरान* विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं के सीखने के स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षण पद्धति, तथा संसाधनों के उपयोग एवं रखरखाव की विस्तृत समीक्षा की गई। विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनके सीखने की क्षमता एवं शिक्षण सामग्री की उपलब्धता का भी मूल्यांकन किया गया।
*मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान का उद्देश्य* केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि प्रत्येक छात्र में गुणवत्तापूर्ण अधिगम सुनिश्चित करना है। विद्यालय स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ सामुदायिक निगरानी भी इस प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों से शिक्षण गुणवत्ता में सुधार के लिए नवाचार अपनाने, नियमित मूल्यांकन करने और विद्यार्थियों को सक्रिय अधिगम की दिशा में प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल प्रबंधन समितियों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने पर भी बल दिया गया, ताकि समुदाय की भागीदारी से शिक्षा प्रणाली और अधिक प्रभावी बन सके।
*इस अवसर पर* शासकीय हाई स्कुल अर्जुनी के प्राचार्य श्री शैलेन्द्र बैस, व्याख्याता श्री अनिल दुबे, श्री राधेश्याम ध्रुव, श्री उत्तम कुमार साहू, श्री नूतन प्रभात कंवर और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन पर* अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के नेतृत्व में बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा शासकीय हाई स्कुल अर्जुनी के प्राचार्य/व्याख्याता/शिक्षक/शिक्षिकाओं की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को नए कानून के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर उनमें सृजनात्मक कौशल का विकास किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हे भविष्य में अच्छे नागरिक बनने की प्रेरणा और छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई।
*उन्होनें छात्र-छात्राओं को* नवीन कानून भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कौन-सा स्पर्श सुरक्षित है और कौन-सा नहीं। उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति ऐसा स्पर्श करे जिससे असहजता महसूस हो, डर लगे या संदेह हो, तो तुरंत ना कहें, वहां से दूर हटें और माता-पिता, शिक्षक या पुलिस जैसे विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी अवश्य दें।
*इस दौरान छात्र-छात्राओं में* आत्मविश्वास बढ़या और उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना सिखाया। इसके बाद छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि आज की डिजिटल दुनिया में बच्चे अक्सर ऑनलाइन गेम, सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते हैं जहां कई तरह के जोखिम मौजूद हैं। उन्होंने बच्चों को फर्जी लिंक, अंजान नंबर, ओटीपी धोखाधड़ी, गलत मैसेज, फोटो दुरुपयोग, साइबर बुलिंग जैसी गतिविधियों से बचने के तरीके समझाए। साथ ही यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि तुरंत माता-पिता और पुलिस को बतानी चाहिए।
*इस दौरान यातायात नियमों की जानकारी भी छात्र-छात्राओं को दी गई।* पुलिस ने सड़क पार करने के सही नियम, Zebra Crossing का उपयोग, सड़क पर खेल न खेलने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन में सीट बेल्ट लगाने, और सड़क पर मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों पर विस्तार से चर्चा की। बच्चों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए ट्रैफिक नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी है।
*बच्चों को समझाया गया कि* यातायात नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं की बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। यातायात नियमों का पालन करने के लिए एक सुरक्षित व्यवहार का उदाहरण प्रस्तुत किया गया। बच्चों को यह सिखाया गया कि सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग या ट्रैफिक लाइट का उपयोग करें और अपनी लेन में ही वाहन चलाएं। बच्चों से यह भी अपेक्षा की गई कि वे अपने अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
*छात्र एवं छात्राओं को* बताया कि नशा करने से व्यक्तिगत, शारीरिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से होने वाले नुकसान और भविष्य में पड़ने वाली प्रभाव से अवगत कराया गया। उपस्थित सभी को नशा नहीं करने का संकल्प दिलाये और इसके दुष्प्रभाव के बारे में भी बताया गया। यह जागरूकता अभियान छात्र-छात्राओं में आत्म-सुरक्षा, अधिकारों एवं संवेदनशील मुद्दों के प्रति समझ बढाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
*इस अवसर पर* सउनि मोहन साहू, प्रधान आरक्षक मोहित चेलक, एएसपी रीडर महिला आरक्षक वर्षा चौबे, शासकीय हाई स्कुल अर्जुनी के प्राचार्य श्री शैलेन्द्र बैस, व्याख्याता श्री अनिल दुबे, श्री राधेश्याम ध्रुव, श्री उत्तम कुमार साहू, श्री नूतन प्रभात कंवर सहित बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा , योगेश कुमार तिवारी 9425564553, 6265741003,




