- January 14, 2026
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री चन्द्रवेश सिंह सिसोदिया एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सी.पी. शर्मा के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब), महिला एवं बाल विकास विभाग, बेमेतरा द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत यह आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 13 जनवरी 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोढ़ में अध्ययनरत बालिकाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण विषयों पर संवाद किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को लैंगिक समानता, लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने, संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन, IFA टैबलेट की उपयोगिता, एनीमिया की रोकथाम एवं मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही बालिकाओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं जैसे 181 सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, तथा पॉक्सो अधिनियम की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह मुक्त बेमेतरा हेतु शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में मिशन शक्ति से सेवंतिका (जेंडर विशेषज्ञ), सखी वन स्टॉप सेंटर से सीमा यदु (केस वर्कर), चाइल्ड लाइन से इंद्राणी, जिला बाल संरक्षण इकाई से आनंद घृतलहरे (सोशल वर्कर), सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




