- January 23, 2026
बेमेतरा में सुधरेगी बिजली व्यवस्था, 21 करोड़ की लागत से बन रहा 132/33 केवी का नया सब-स्टेशन, 25 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत बेमेतरा जिले में बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए बिजली अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। भरपूर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में बड़े और ग्रामीण स्तर के विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
*बेतर में 21 करोड़ से बनेगा 132/33 केवी का अत्याधुनिक सब-स्टेशन*
बेमेतरा के बेतर क्षेत्र में 21 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी का नया सब-स्टेशन बनाया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से जिले के लगभग 25 हजार उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। यह सब-स्टेशन दाढ़ी, उमरिया, कारेसरा, खाटी और हाथमुड़ी जैसे प्रमुख विद्युत उपकेंद्रों को मजबूती प्रदान करेगा, जिससे क्षेत्र में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या समाप्त हो जाएगी।
*ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा मजबूत विद्युत नेटवर्क*
नए सब-स्टेशन के माध्यम से जिले के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अधिक स्थिर और भरोसेमंद होगी। इससे न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि कृषि कार्यों और छोटे उद्योगों को भी गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
*सहसपुर में भी बनेगा 33/11 केवी का सब-स्टेशन*
प्रदेश के मुखिया श्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप सहसपुर क्षेत्र में भी 33/11 केवी सब-स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह सब-स्टेशन 2.37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
इसके चालू होने से नौकेसा, लालपुर, सहसपुर, बुंदेली, लुक, पेंड्रावन, गोदमर्रा और रुसे गांवों के लगभग 3500 उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
*गर्मी से पहले परियोजनाएं पूर्ण करने का लक्ष्य*
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री संजय खंडेलवाल ने बताया कि दोनों ही विद्युत परियोजनाओं पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इन उपकेंद्रों के शुरू होने से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों और स्थानीय व्यवसायों को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग का लक्ष्य इन परियोजनाओं को यथाशीघ्र पूर्ण करना है, ताकि आगामी गर्मी के मौसम में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से नागरिकों को निजात मिल सके।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




