- February 16, 2026
ग्राम पंचायत गुधेली की सीमा निषाद बनीं लखपति दीदी, मछली पालन से बदल गई जीवन की कहानी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा । ग्राम पंचायत गुधेली की रहने वाली सीमा निषाद, जिन्होंने मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर न केवल अपने जीवन को बदला बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा का स्त्रोत भी बन गई हैं। सीमा दीदी “मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह” की सदस्य बनकर 2020 में अपने सशक्तिकरण की यात्रा शुरू की। समूह में शामिल होने से पहले दीदी पारंपरिक मजदूरी करती थीं और जीवन के आर्थिक संकट से जूझ रही थीं। लेकिन समूह के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के बाद दीदी ने अपने व्यवसायिक कौशल और नेतृत्व क्षमता को निखारा और नए अवसरों की तलाश शुरू की।
*मछली पालन से सशक्तिकरण की कहानी*
दीदी ने ग्राम पंचायत में मछली पालन के लिए अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके बाद Rf/Cif के माध्यम से ग्राम पंचायत का तालाब किराए पर लिया और मछली पालन के लिए लोन प्राप्त कर तालाब में बीज डाले। मत्स्य विभाग से आवश्यक जाल और उपकरण प्राप्त करने के बाद दीदी ने मेहनत और लगन के साथ अपने तालाब में मछली पालन शुरू किया। दीदी ने अपनी सफलता को और बढ़ाते हुए तीसरी बार लोन लेकर अपने खुद के डबरी का निर्माण किया और उसका मछली पालन शुरू किया। अब दीदी का सालाना आय 3 से 4 लाख रुपए तक पहुँच गई है।
*परिवार और समाज पर असर*
सीमा दीदी न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में सफल हुई हैं, बल्कि अपने परिवार को बेहतर जीवन देने में भी सक्षम हुईं। उनका सशक्तिकरण अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। दीदी अब सरपंच के पद पर भी हैं और अपने अनुभव के माध्यम से अन्य ग्रामीणों और महिलाओं को सशक्त बनने और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए जागरूक कर रही हैं। दीदी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि कैसे महिला सशक्तिकरण, समूह सहयोग और स्वयं सहायता के माध्यम से गरीब और मेहनती महिलाओं की जिंदगी बदल सकती है।
सीमा दीदी की मेहनत, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि सफलता केवल बड़े शहरों या पूंजीपतियों के लिए नहीं है। सही योजना, समर्थन और लगन के साथ कोई भी महिला आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर सकती है और अपने समुदाय के लिए प्रेरणा बन सकती है। आज दीदी अपने गृहस्थ जीवन और ग्राम पंचायत दोनों में सम्मान और सफलता की मिसाल बन चुकी हैं। उनका यह सफर अन्य महिलाओं के लिए एक प्रेरक कहानी बन गया है, जो महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार के महत्व को उजागर करता है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




