- February 19, 2026
मनरेगा में ई-केवाईसी प्रगति धीमी: 10 रोजगार सहायकों और 29 तकनीकी सहायकों को अलग-अलग कारण बताओ नोटिस जारी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं लाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिले की सभी जनपद पंचायतों में कार्यरत 10 रोजगार सहायकों एवं 29 तकनीकी सहायकों को अलग-अलग कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला पंचायत द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि ई-केवाईसी कार्य शासन की प्राथमिकता में शामिल है, इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं की गई। कई बार निर्देश एवं समीक्षा के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई है।
रोजगार सहायकों को ग्राम स्तर पर श्रमिकों के ई-केवाईसी पंजीयन में लापरवाही बरतने तथा निर्धारित प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण नहीं करने के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। वहीं तकनीकी सहायकों को कार्यों की प्रविष्टि, सत्यापन एवं पोर्टल पर अद्यतन प्रगति सुनिश्चित नहीं करने के संबंध में कारण बताने नोटिस जारी किया गया है।सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




