- March 7, 2026
महतारी वंदन योजना से सुरेखा वर्मा को मिला आत्मनिर्भर बनने का संबल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को हर माह मिलने वाली आर्थिक सहायता से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिका बेमेतरा के वार्ड क्रमांक–2 की निवासी सुरेखा वर्मा भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन में नया आत्मविश्वास महसूस कर रही हैं।
सुरेखा वर्मा बताती हैं कि पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और घर के दैनिक खर्चों को पूरा करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता था। घर की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्तर पर आर्थिक सहयोग करना उनके लिए आसान नहीं था। ऐसे में जब उन्हें महतारी वंदन योजना के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने इस योजना के लिए आवेदन किया, तो उनके जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जगी।
योजना के अंतर्गत हर माह मिलने वाली सहायता राशि ने सुरेखा वर्मा के जीवन को नई दिशा दी है। अब उन्हें हर महीने मिलने वाली इस राशि से घर के छोटे-छोटे खर्चों को पूरा करने में काफी मदद मिल रही है। वे इस राशि का उपयोग घर के लिए आवश्यक सामान की खरीदारी, बच्चों की जरूरतों को पूरा करने और अन्य दैनिक खर्चों में सहयोग के रूप में कर रही हैं।
सुरेखा वर्मा कहती हैं कि पहले उन्हें लगता था कि वे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में अधिक सहयोग नहीं कर पातीं, लेकिन अब जब हर महीने उनके खाते में योजना की राशि आती है तो उन्हें गर्व महसूस होता है कि वे भी अपने परिवार की जिम्मेदारियों में भागीदार बन रही हैं। इससे उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना ने केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी दी है। आज वे पहले से अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जरूरतों का ध्यान रख पा रही हैं और अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रही हैं।
सुरेखा वर्मा ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए राज्य शासन एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में नई आशा और विश्वास का संचार कर रही है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित कर रही है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




