- March 9, 2026
महिला दिवस पर गोद ग्राम टेमरी की महिलाओं को राज्यपाल द्वारा सम्मान

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला बेमेतरा के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत छ.ग. के राज्यपाल श्री रमेन डेका द्वारा गोद लिए गए ग्राम टेमरी की महिलाओं ने जिले का नाम गौरवान्वित किया है। ग्राम टेमरी की बिहान स्व सहायता समूह से जुड़ी दो सक्रिय महिला सदस्यों रितु देवांगन एवं पूजा घृतलहरे को उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक कार्यों के लिए महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा लोक भवन, रायपुर में आयोजित गरिमामयी समारोह में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रितु देवांगन को ग्रामीण महिलाओं के आजीविका संवर्धन, स्वावलंबन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से विभिन्न आय आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। उनके प्रयासों से गांव की कई महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरणा मिली है।
वहीं पूजा घृतलहरे को ग्राम स्तर पर स्वच्छता, साफ-सफाई, जनजागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने, स्वच्छ वातावरण बनाने तथा गांव को साफ-सुथरा रखने के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से ग्राम में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा कहा गया कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। आज महिलाएं आजीविका, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
ग्राम टेमरी की इन दोनों महिलाओं को मिला यह सम्मान जिला बेमेतरा के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। इससे जिले की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़कर सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा भी महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




