- March 12, 2026
बेमेतरा नगरीय क्षेत्र में जमीन की नई गाइडलाइन दरें लागू, पूर्व वर्षों की दरों के आधार पर संशोधित दरें निर्धारित, औसतन 46.5 प्रतिशत वृद्धि

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। बेमेतरा नगरीय क्षेत्र में वर्ष 2025–26 के लिए जमीन की नई गाइडलाइन दरें निर्धारित कर लागू कर दी गई हैं। उप पंजीयक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नई दरों का निर्धारण पूर्व में लागू वर्ष 2019–20 की गाइडलाइन दरों, प्रस्तावित संशोधनों तथा क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नई दरों के अनुसार नगरीय क्षेत्र में औसतन लगभग 46.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
कार्यालय उप पंजीयक, बेमेतरा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार विभिन्न वार्डों की दरों में आवश्यक संशोधन किया गया है ताकि वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप गाइडलाइन दरें निर्धारित की जा सकें।
शहीद हेमू कल्याणी वार्ड में वर्ष 2019–20 में गाइडलाइन दर 18,500 रुपये थी। 20 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित दर 11,400 रुपये (लगभग 38 प्रतिशत कम) रखी गई थी। वर्तमान में संशोधित दर 22,500 रुपये निर्धारित की गई है, जो लगभग 22 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाती है।
इसी प्रकार शहीद हेमू कल्याणी वार्ड की दूसरी श्रेणी में वर्ष 2019–20 में दर 31,000 रुपये थी। 20 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित दर 25,200 रुपये (लगभग 19 प्रतिशत कम) निर्धारित की गई थी, जिसे संशोधित करते हुए अब 38,000 रुपये तय किया गया है, जो लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
रानी लक्ष्मी बाई वार्ड में वर्ष 2019–20 में दर 29,000 रुपये थी। 20 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित दर 37,200 रुपये (लगभग 25 प्रतिशत वृद्धि) निर्धारित की गई थी। वर्तमान में संशोधित दर 58,000 रुपये तय की गई है, जो लगभग 100 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाती है। इस वार्ड की संबंधित कैटेगरी में पूर्व में गाइडलाइन दर का उल्लेख नहीं होने के कारण दरों का पुनः समायोजन किया गया है।
बाबासाहेब वार्ड में वर्ष 2019–20 में गाइडलाइन दर 65,000 रुपये थी। 20 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित दर 37,200 रुपये (लगभग 42 प्रतिशत कम) रखी गई थी, जिसे संशोधित करते हुए अब 84,000 रुपये निर्धारित किया गया है। यह लगभग 29 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाता है।
इसी प्रकार मरिजज वार्ड में वर्ष 2019–20 में गाइडलाइन दर 74,000 रुपये थी। 20 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित दर शून्य रखी गई थी क्योंकि उस समय रोड श्रेणी के अंतर्गत नया परिसीमन नहीं हुआ था। वर्तमान गाइडलाइन में वर्ष 2019–20 की रोड दर को आधार मानते हुए संशोधित दर 88,800 रुपये (लगभग 20 प्रतिशत वृद्धि) निर्धारित की गई है।
उप पंजीयक कार्यालय के अनुसार नई गाइडलाइन दरों का उद्देश्य संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है। संशोधित दरों के लागू होने से भूमि के मूल्यांकन में स्पष्टता आएगी तथा पंजीयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,



