- May 8, 2026
खरीफ सीजन की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, सेवा सहकारी समिति भरदा एवं मार्कफेड डबल लॉक केंद्र का किया औचक निरीक्षण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। जिले में आगामी खरीफ सीजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने आज साजा विकासखंड अंतर्गत सेवा सहकारी समिति भरदा एवं मार्कफेड डबल लॉक केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण क्षमता, वितरण व्यवस्था, पीओएस मशीन संचालन तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
*खाद एवं बीज की उपलब्धता पर विशेष जोर, किसानों को समय पर मिले गुणवत्तायुक्त कृषि आदान सामग्री*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदामों में रखे उर्वरकों एवं बीजों के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधन को निर्देशित किया कि यूरिया, डीएपी, एनपीके सहित सभी प्रकार के उर्वरकों तथा प्रमाणित बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने कहा कि कृषि कार्यों के दौरान खाद एवं बीज की मांग अचानक बढ़ जाती है, इसलिए अग्रिम भंडारण एवं सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप समय-समय पर स्टॉक का आकलन कर पर्याप्त मात्रा में सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
*पीओएस मशीन से ही हो खाद वितरण, वैज्ञानिक अनुशंसा के आधार पर उर्वरक वितरण के दिए निर्देश*
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद का वितरण केवल पीओएस मशीन के माध्यम से ही किया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित वैज्ञानिक अनुशंसा का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से वितरण होने पर पारदर्शिता बनी रहती है तथा वास्तविक किसानों तक सामग्री पहुंचाने में आसानी होती है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*किसानों से किया सीधा संवाद, समस्याएं सुनीं, समय पर खाद उठाव करने की अपील*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। किसानों ने खाद उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया तथा कृषि संबंधी आवश्यकताओं को लेकर जानकारी साझा की। कलेक्टर ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर खाद उठाव कर लें, ताकि आगामी कृषि कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण किए जा सकें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा किसानों को बिना किसी परेशानी के कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराना है तथा जिला प्रशासन किसानों की सुविधा के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
*व्यवस्था पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश, किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने कहा*
कलेक्टर ने समिति प्रबंधन को निर्देशित किया कि वितरण केंद्रों में किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल तथा बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाए। साथ ही किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं एवं वैज्ञानिक खेती संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
*प्रशासन किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध, खरीफ सीजन में हर जरूरत पर रहेगी प्रशासन की नजर*
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। खरीफ सीजन के दौरान सभी सहकारी समितियों एवं डबल लॉक केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री मोरध्वज डडसेना, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व साजा सुश्री पिंकी मनहर, सहायक संचालक कृषि डॉ. श्याम लाल साहू, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री दिनेश धुर्वे, समिति प्रबंधक, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,





