- May 9, 2026
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन, बेमेतरा दल ने राज्य स्तर पर बनाई विशेष पहचान

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

बेमेतरा। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर 8 मई से रेडक्रॉस स्थापना सप्ताह की शुरुआत करते हुए राज्य कार्यालय द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में राज्य स्तरीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बेमेतरा जिले से जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के दल को शासकीय पी.जी. महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीना त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाटक, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें जिले के स्वयंसेवकों एवं काउंसलरों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
बेमेतरा जिले की टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। पीएम श्री सेजेस राठी एवं सेजेस कन्या विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, वहीं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोडगिरि की छात्राओं ने प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर सराहना प्राप्त की। चित्रकला प्रतियोगिता में सेजेस राठी के छात्र सागर श्रीवास ने पूरे राज्य में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
यूथ रेडक्रॉस से शासकीय पी.जी. महाविद्यालय के प्रभारी सम्माननीय द्विवेदी जी एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं जूनियर रेडक्रॉस से श्रीमती वीना वर्मा, मो. जावेद, अनूप सिंह तथा अंकित निर्मलकर जैसे काउंसलरों के विशेष प्रयासों से जिले में रेडक्रॉस गतिविधियों को निरंतर सक्रियता मिली है।
जिले में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तर पर माननीय गजेंद्र यादव, मंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्री योगेश साहू एवं सुश्री निधी शर्मा को सम्मानित किया गया। दोनों लंबे समय से रेडक्रॉस गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देते आ रहे हैं।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा बेमेतरा की कलेक्टर एवं अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, सचिव अमृत लाल रोहलदार, शासकीय पी.जी. महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीना त्रिपाठी तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. चतुर्वेदी ने पूरी टीम की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल बेमेतरा में महिलाओं के लिए कैंसर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। साथ ही रेडक्रॉस की छात्राओं एवं सहायक जिला रेडक्रॉस अधिकारी युवराज सिंह बनाफर द्वारा लोगों को रेडक्रॉस स्टीकर लगाकर सहयोग स्वरूप दान राशि एकत्रित की गई। उपेंद्र सिंह सेंगर, जिला संगठक रेडक्रॉस के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बेमेतरा जिले के रेडक्रॉस दल ने राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,





