- July 6, 2026
बेमेतरा में स्काउट-गाइड जिला स्तरीय बैठक संपन्न, वार्षिक कार्ययोजना पर हुआ मंथन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। बीते दिनों जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बेमेतरा में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ स्काउट-गाइड प्रार्थना के साथ हुआ। बैठक में नव नियुक्त जिला मुख्य आयुक्त श्री राजेश सिंह पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त (स्काउट) श्री अभय जायसवाल तथा सहायक संचालक श्री एस.पी. कोशले विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य संगठन आयुक्त (एसओसी.) एवं जिला सचिव श्री अमित कुमार क्षत्रिय सहित जिले के समस्त स्काउटर एवं गाइडर ने बैठक में सहभागिता की।
बैठक में स्काउट-गाइड गतिविधियों के प्रभावी संचालन, संगठन के विस्तार तथा आगामी सत्र 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अंशदान पंजीयन, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में स्काउट-गाइड एवं रोवर-रेंजर इकाइयों के पंजीयन के साथ-साथ स्काउटर एवं गाइडर के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला संगठन आयुक्त श्री फनेन्द्र कुमार लोधी ने सत्र 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करते हुए दल संचालन को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बेसिक कैंप, एडवांस कैंप, द्वितीय सोपान कैंप, डिजास्टर मैनेजमेंट कैंप तथा जिला स्तरीय रैली के आयोजन की संभावित तिथियों एवं रूपरेखा पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान सभी इकाइयों को OYMS पोर्टल पर आवश्यक जानकारी एवं आंकड़ों का नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्काउटर-गाइडर हाईक के आयोजन, जिला संघ के विभिन्न रिक्त पदों पर योग्य नामों के प्रस्ताव तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित स्काउटर एवं गाइडर ने अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं, जिन पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया गया। जिले के चारों विकासखंडों से आए सक्रिय स्काउटर-गाइडर ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए।
बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी उपस्थित सदस्यों ने स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों के विस्तार, अनुशासन, सेवा एवं नेतृत्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




