- July 17, 2026
कलेक्टर के आकस्मिक निरीक्षण में एक शिक्षक निलंबित, कई शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पदमाकर द्वारा 16 जुलाई 2026 को विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत विभिन्न शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षण व्यवस्था, विद्यालयों की साफ-सफाई एवं शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला खैरी में पदस्थ श्री सुरेन्द्र कुमार बारले, सहायक शिक्षक (एल.बी.) बिना किसी पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसे शासकीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता मानते हुए तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के उपनियम (1), (2) एवं (3) का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बेरला निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, नवागढ़ का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था पाए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती चन्द्रप्रभा बंजारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला नांदल के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि शिक्षण कार्य के समय कुछ शिक्षक पुस्तकों की स्कैनिंग में लगे हुए थे, जबकि तीन शिक्षक अवकाश पर होने के कारण विद्यालय में अध्यापन कार्य प्रभावित हो रहा था।
इस संबंध में श्री सुमेन्त खरे, शिक्षक, श्री तुलाराम हीरवानी, शिक्षक, श्री जग्गु राम चन्द्राकर, शिक्षक, श्रीमती अनिता भानु, शिक्षक (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नांदल), श्री विजय प्रताप सिंह भारद्वाज, lसहायक शिक्षक (एल.बी.), शासकीय प्राथमिक शाला नांदल तथा श्री शिवकुमार ध्रुव, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला नांदल को अध्यापन कार्य छोड़कर पुस्तक स्कैनिंग करते पाए जाने पर कारण बताओ सूचना जारी की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी, बेमेतरा द्वारा जिले के समस्त संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि शिक्षण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की पुस्तक स्कैनिंग अथवा अन्य गैर-शैक्षणिक कार्य नहीं किया जाएगा। पुस्तक स्कैनिंग का कार्य केवल अध्यापन कार्य पूर्ण होने के बाद ही किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अध्यापन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षण अवधि के दौरान किसी भी स्थिति में शिक्षकों द्वारा पुस्तक स्कैनिंग अथवा अन्य कार्य नहीं किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों का अवकाश भी तभी स्वीकृत किया जाए, जब उससे विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 6265 741003,




