• July 24, 2026

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में हाफ नदी पुनर्जीवन अभियान को मिलेगी नई गति

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में हाफ नदी पुनर्जीवन अभियान को मिलेगी नई गति

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

बेमेतरा । कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में जिले में विकसित भारत जी-राम-जी अभियान के अंतर्गत हाफ नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 25 जुलाई 2026 को विकासखंड नवागढ़ के ग्राम अंधियारखोर में मैदानी कार्यकर्ताओं (फील्ड फंक्शनरी) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, ट्रांसेक्ट वॉक एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य हाफ नदी के पुनर्जीवन कार्यों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्थानीय सहभागिता एवं प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से गति प्रदान करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं मैदानी अमले को नदी संरक्षण एवं पुनर्जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण, कैचमेंट क्षेत्र का विकास, प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण, नदी तटों की सुरक्षा, मृदा एवं जल संरक्षण उपायों सहित नदी आधारित पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही मैदानी स्तर पर कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन एवं विभागीय समन्वय पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ट्रांसेक्ट वॉक के दौरान अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, मैदानी अमला एवं ग्रामीणजन हाफ नदी के विभिन्न हिस्सों का संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान नदी में गाद जमाव, जल प्रवाह में अवरोध, अतिक्रमण, अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति, तट संरक्षण, जल निकासी मार्ग, उपचार योग्य स्थलों तथा पुनर्जीवन की संभावनाओं का स्थल पर ही अवलोकन किया जाएगा। इसके आधार पर नदी पुनर्जीवन के लिए आवश्यक कार्यों की प्राथमिकता तय कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनके सुझाव एवं अनुभव भी प्राप्त किए जाएंगे, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके।

ग्राम स्तर पर आयोजित जनजागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को जल संरक्षण के महत्व, वर्षा जल संचयन, सोक पिट निर्माण, वृक्षारोपण, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को नदी एवं नालों में नहीं डालने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान आगामी विशेष श्रमदान, पौधरोपण एवं नदी संरक्षण गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जल संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। हाफ नदी जिले की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है, जिसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, किसानों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण का संकल्प लेकर अपने स्तर पर वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण, जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण जैसे छोटे-छोटे प्रयास करेगा, तो निश्चित रूप से हाफ नदी पुनर्जीवित होगी और जिले में जल सुरक्षा की मजबूत आधारशिला रखी जा सकेगी। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा कि “हाफ नदी का पुनर्जीवन केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा, हरित विकास और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।” जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने एवं जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है।

 

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 6265 741003,


Related News

दिल्ली में पत्रकारों पर हमले की छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्रेस क्लबों ने की कड़ी निंदा

दिल्ली में पत्रकारों पर हमले की छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्रेस क्लबों ने…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   कोरबा/रायपुर। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर…
भूपेश बघेल की आवाज से घबराई भाजपा, हताशा में दे रहें हैं अनर्गल बयान : आरएन वर्मा

भूपेश बघेल की आवाज से घबराई भाजपा, हताशा में दे रहें हैं…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज आरएन वर्मा जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के पूर्व अध्यक्ष पूर्व महापौर दुर्ग आर…
जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन की आड़ में राष्ट्रविरोधी एजेंडा चलाने की साजिश – बीजेपी प्रवक्ता नितेश साहू

जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन की आड़ में राष्ट्रविरोधी एजेंडा चलाने की साजिश…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     भाजपा प्रवक्ता नितेश साहू ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर…