- August 19, 2026
बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं

ट्राई सिटी एक्सप्रेस न्यूज
बेमेतरा । जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आदिवासी विकास से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने में शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचे।
*नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर*
कलेक्टर ने जिले की सभी शालाओं में प्रवेशित बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नामांकन कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे का नियमित रूप से स्कूल आना और पढ़ना-लिखना सीखना जरूरी है। इसके लिए शिक्षकों और पालकों के बीच नियमित संवाद एवं संपर्क बनाए रखने को कहा गया।
उन्होंने स्कूलों में बच्चों के लर्निंग आउटकम पर विशेष ध्यान देने तथा कमजोर बच्चों के लिए नियमित रूप से रेमेडियल क्लास संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक बच्चे की शैक्षणिक क्षमता में सुधार हो सके।
*मध्याह्न भोजन में पोषण पर विशेष फोकस*
बैठक में मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को केवल पेट भर भोजन नहीं, बल्कि पौष्टिक एवं संतुलित आहार मिलना चाहिए। उन्होंने भोजन के मेन्यू में दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल एवं अन्य पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर जोर दिया।
उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित मेन्यू का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शालाओं में रसोइयों की उपलब्धता तथा खाद्य सामग्री की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
*सितंबर तक शत-प्रतिशत जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश*
आदिवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए कलेक्टर ने सितंबर माह तक शत-प्रतिशत पात्र बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने की समयसीमा निर्धारित की।
उन्होंने बीईओ एवं तहसीलदारों को आपसी समन्वय कर स्कूल स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा जाति प्रमाण पत्र के अभाव में छात्रवृत्ति या अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।
*बालिका सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोपरि*
कलेक्टर ने बालिका शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वच्छता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी शालाओं में बालिका शौचालयों का निर्माण अनिवार्य रूप से पूरा कराने तथा निर्मित शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्रावासों एवं आश्रमों में बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों तथा महिला वार्डन की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही परिसर में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का रखें विशेष ध्यान*
स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष, छात्रावास एवं शौचालय सहित स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कार्य पूर्ण होने से पहले तृतीय पक्ष से गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्कूलों एवं छात्रावास परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरा-भरा रखने पर भी जोर दिया।
*पालक-शिक्षक संवाद से शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत*
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी सुधार के लिए शिक्षक, पालक और समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने समय-समय पर पालक-शिक्षक बैठक आयोजित कर बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, पोषण एवं व्यवहारिक प्रगति पर चर्चा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षकों से नवाचार एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल से जोड़े रखने की अपेक्षा की।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), बीआरसी एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करते हुए 15 दिवस के भीतर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 6265 741003,




