- August 31, 2026
जनदर्शन में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सुनीं आमजन की समस्याएं, विभिन्न विभागों से संबंधित 28 आवेदन प्राप्त, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। जिले के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम के तहत आज कलेक्टोरेट परिसर में जनदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं तथा संबंधित प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई, वहीं कुछ प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल उपस्थित होकर समाधान की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सरल एवं तात्कालिक प्रकृति के कई मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया।
आज आयोजित जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य, विद्युत, शिक्षा तथा अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। जिन मामलों में विस्तृत जांच अथवा विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें नियमानुसार समय-सीमा (टीएल) में दर्ज कर शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, वृद्धावस्था एवं निराश्रित पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, भूमि संबंधी विवाद, सीमांकन, नामांतरण, कटा हुआ रकबा जोड़ने, आम रास्ता खुलवाने, खाद गड्ढा हटाने, पेयजल, विद्युत एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें |
जनदर्शन में आने वाले आवेदनों में कितने आवेदन प्राप्त हुए यह जानकारी मिल जाती है कितने आवेदनों का निराकरण किया गया ,जिसकी जानकारी TL बैठक में समीक्षा के बाद दी जानी चाहिए और कितने आवेदन पेंडिंग है, कब, कैसे उनका निराकरण किया जा सकेगा यह भी जानना आवश्यक है क्योंकि कई वर्षों पूर्व के आवेदन बार बार आते है परंतु काम की उनको सही जानकारी नहीं मिलने की बात सामने आना , सिस्टम के ऊपर सवाल खड़े करता है, जिसकी जानकारी भी विधानसभा में देना पड़ती है,इसलिए सख्त हिदायद भी दी जाती है,उसके बाद भी यदि काम ठीक से न हो तो कार्यवाही होती ही है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 6265 741003,




