- September 11, 2026
41वें शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू , विधायक दीपेश साहू ने बेसिक मैदान का किया निरीक्षण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। जिले में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शिक्षक सम्मान समारोह के 41वें आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 13 सितंबर 2026 को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा तैयारियां शुरू हो गई है।
इसी क्रम में आज बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने बेसिक स्कूल मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक, प्रवेश एवं निकासी मार्ग, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी लेते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। बेमेतरा में आयोजित होने वाला शिक्षक सम्मान समारोह शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि समारोह के 41वें आयोजन को भव्य एवं गरिमापूर्ण बनाने के साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि जिलेभर से आने वाले शिक्षकगण, प्रतिभावान विद्यार्थी एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठक, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिलेवासियों में उत्साह है और सभी के सहयोग से यह आयोजन यादगार एवं सफल बनाया जाएगा।
*रेस्ट हाउस में हुई शिक्षक सम्मान समारोह समिति की महत्वपूर्ण बैठक*
समारोह की तैयारियों को लेकर नगर के स्थानीय रेस्ट हाउस में शिक्षक सम्मान समारोह समिति की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में आगामी 41वें शिक्षक सम्मान समारोह की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अतिथियों के निर्धारण, शिक्षक एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान, पत्रिका प्रकाशन, मंच व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों पर समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे।
उल्लेखनीय है कि बेमेतरा में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह में वर्ष के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले जिले के समस्त शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। साथ ही छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाओं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को दानदाताओं के माध्यम से स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाता है।
इस समारोह की अपनी गौरवशाली परंपरा रही है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, महामहिम राज्यपाल, मुख्य न्यायाधीश, कुलपति, मुख्यमंत्री, देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तित्व पूर्व में इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो चुके हैं।
इस वर्ष समारोह में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 80 सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके योगदान एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक में सभी पदक प्रदाता दानदाताओं से संपर्क कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आयोजन को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक एवं स्थल निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, होरीलाल सिन्हा, हर्षवर्धन तिवारी, महेश साहू, डॉ. डोसन साहू, युगल देवांगन, रेवाराम निषाद, डॉ. विनय साहू, संजू राजपूत, सुजीत शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, अविनाश तिवारी, सुशील शर्मा, अवधेश पटेल, गिरीश मिश्रा, सुनील झा, दिनेश साहू, नीलय पाण्डेय, प्रवीण राजपूत, सहायक सांख्यिकी अधिकारी राजकुमार वर्मा, चेतन ठाकरे सहित शिक्षक सम्मान समारोह समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं सहभागिता के साथ कार्य करने पर सहमति जताई। प्रशासनिक अमला एवं आयोजन समिति द्वारा समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा,योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




