- September 22, 2026
सेवा संकल्प अभियान: श्रम विभाग की मिनिमाता महतारी जतन योजना से महका हीरामती का आंगन, 20 हजार की सहायता से मिला संबल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। इसी कड़ी में श्रम विभाग बेमेतरा द्वारा संचालित मिनिमाता महतारी जतन योजना ग्राम टेमरी की हीरामती सोनवानी के लिए वरदान साबित हुई है।
ग्राम व पोस्ट टेमरी की निवासी श्रीमती हीरामती सोनवानी ने अपनी सेवा की कहानी साझा करते हुए बताया कि वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। संतान जन्म के पश्चात नवजात शिशु के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर वे चिंतित थीं। इसी दौरान उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और श्रम विभाग के मैदानी अमले से मिनिमाता महतारी जतन योजना की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने तत्काल श्रम विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया। विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से 20,000 रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई।
हीरामती ने भावुक होते हुए कहा कि यह राशि मेरे लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि मेरे बच्चे के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव है। इससे मुझे अपने बच्चे के पोषण, स्वास्थ्य और जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी। मेरा छोटा सा खुशियों का संसार अब इस योजना से और सुरक्षित हो गया है। यह योजना वास्तव में माताओं और बच्चों के लिए संबल बनकर कार्य कर रही है।
हितग्राही श्रीमती हीरामती सोनवानी ने इस अभूतपूर्व सहयोग के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया, जिनके अंत्योदय के संकल्प से ऐसी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बेमेतरा जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हितग्राहियों को योजनाओं का त्वरित लाभ मिल रहा है। उन्होंने श्रम विभाग बेमेतरा को भी धन्यवाद दिया।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा,योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




