- September 29, 2026
धनगांव में 29-30 सितंबर को होगा स्वर्ण जयंती समारोह एवं राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता, 110 रामधुनी मंडलियों का हुआ पंजीयन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। ग्राम धनगांव में रामधुनी की गौरवमयी 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह एवं राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता का आयोजन 29 और 30 सितंबर को किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अब तक 110 रामधुनी एवं भजन मंडलियों का पंजीयन हो चुका है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर संत राजीव लोचन दास के सानिध्य में होगा। वहीं 30 सितंबर को समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस अवसर पर कौशल्या देवी साय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू और भावना बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों के
शामिल होने की जानकारी दी गई है।
(विजेता मंडलियों को मिलेंगे पुरस्कार)
राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचने वाली मंडलियां अपनी प्रस्तुति देंगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10,0001 रुपये, द्वितीय 5,1000 रुपये, तृतीय 3,1000 रुपये, चतुर्थ 2,1000 रुपये और पंचम पुरस्कार 1,1000 रुपये रखा गया है। इसके अलावा सभी टोलियों को 3100 रुपए सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
(1399 शहीद जवानों का किया जाएगा तर्पण )
आयोजन के दौरान वर्ष 2001 से 2024 तक छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान शहीद हुए 1399 वीर जवानों को पितृपक्ष में सनातन परंपरा के अनुसार श्रद्धांजलि अर्पित ( तर्पण) की जाएगी। दो दिवसीय कार्यक्रम में बाहर से आने वाली प्रतिभागी मंडलियों के लिए निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। समापन अवसर पर समरसता भोज का भी आयोजन होगा।
ग्राम धनगांव के सरपंच मोनिका गजानंद साहू एवं आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और रामभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने की अपील की है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा,योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




