- October 10, 2026
बच्चों को नहीं मिला दैनिक नाश्ता और गर्म भोजन, 5 केंद्रों की कार्यकर्ता और सहायिकाओं को नोटिस

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन, बच्चों को पूरक पोषण आहार की उपलब्धता तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एकीकृत बाल विकास परियोजना नवागढ़ के अंतर्गत पांच आंगनबाड़ी केंद्रों—पड़कीडीह, अंधियारखोर, खपरी, मानपुर एवं समेसर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के निर्धारित समय पर अंधियारखोर-01, खपरी, समेसर एवं मानपुर आंगनबाड़ी केंद्रों में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं पाया गया। इसके साथ ही बच्चों को दिए जाने वाले दैनिक नाश्ते एवं गर्म भोजन (पूरक पोषण आहार) का वितरण नहीं किया जाना भी पाया गया। निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन तैयार नहीं होने तथा बच्चों की अनुपस्थिति को विभागीय निर्देशों के पालन में गंभीर लापरवाही के रूप में लिया गया है।
*संबंधित कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी*
निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन कार्यदिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मानदेय रोकने एवं सेवा समाप्ति की अनुशंसा किए जाने की चेतावनी दी गई है।
*नियमित निगरानी के दिए गए निर्देश*
परियोजना अधिकारी एवं संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा बच्चों की उपस्थिति, नाश्ता एवं गर्म भोजन वितरण और केंद्रों के निर्धारित समय पर संचालन की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो।
जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




