- October 12, 2026
टोकन के माध्यम से किया जाएगा उर्वरक विक्रय, बढ़ेगी पारदर्शिता

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा
भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में शीघ्र ही किसानों को टोकन के माध्यम से उर्वरक विक्रय किया जाएगा। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली ने देश भर में उर्वरकों के वितरण, बिक्री और मूल्य नियंत्रण को अधिक पारदर्शी और कुशल बनाने के लिए फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (उर्वरक बिक्री रूपरेखा) की घोषणा की है। इस नए फ्रेमवर्क का मुख्य उद्देश्य किसानों को सही समय पर, उचित मूल्य पर और बिना किसी कालाबाजारी के गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना है। उर्वरक की बिक्री मुख्य रूप से पॉइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीनों के माध्यम से आधार द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही की जाएगी। राज्यों और जिलों में उर्वरक की मांग और उपलब्धता की वास्तविक समय निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड फर्टिलाइजर मैनेजमेंट सिस्टम (आईएफएमएस) पोर्टल का उपयोग मजबूत किया जाएगा। सभी खुदरा विक्रेताओं को अनिवार्य रूप से दुकान के बाहर उर्वरक के स्टॉक और निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) का बोर्ड लगाना होगा। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक-गैर-कृषि कार्यों या उद्योगों में कृषि-ग्रेड उर्वरक (जैसे यूरिया) के अवैध मोड़ को रोकने के लिए निगरानी तंत्र को और कड़ा किया गया। संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा-किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य के अनुसार यूरिया, डीएपी और एनपीके के संतुलित उपयोग के साथ-साथ बायो-फर्टिलाइजर्स और नैनो यूरिया के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसी के तारतम्य में मास्टर ट्रेनर डॉ श्याम लाल साहू सहायक संचालक कृषि व श्री दीपक कुमार साहू कृषि विकास अधिकारी के द्वारा जिले के समस्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों, कृषि विकास अधिकारियों एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को नवीन उर्वरक वितरण प्रणाली साफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया गया। आगामी कुछ दिनों में सभी सेवा सहकारी समिति प्रबंधकों, उनके कम्प्यूटर आपरेटर एवं निजी कृषि केन्द्रों के प्रोपाईटर को भी प्रशिक्षित किया जायेगा। कृषि विभाग के मैदानी अमलों द्वारा ग्राम स्तर पर कृषि चैपाल आयोजित कर नवीन साफ्टवेयर से उर्वरक वितरण एवं टोकन जारी करने की प्रक्रिया के संबंध में कृषकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी 94255 64553, 626574 1003,




