- October 12, 2026
जिला पंचायत सीईओ ने VB-GRAM-G के कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने विकसित भारत – जी राम जी योजना (VB-GRAM-G) के अंतर्गत जनपद पंचायत बेरला के ग्राम पंचायत रेवे एवं भरचट्टी में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत रेवे में निर्माणाधीन मुक्तिधाम, विद्यालय में बालिका शौचालय तथा चेक डैम निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया। वहीं ग्राम पंचायत भरचट्टी में विद्यालय में बालिका शौचालय निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
सीईओ श्रीमती पद्माकर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण, जल संरक्षण एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। इसलिए सभी अधिकारी नियमित निगरानी रखें।
निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी श्री नवीन साहू, जनपद पंचायत बेरला सीईओ श्रीमती दिव्या ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी श्री संदीप वारे सहित संबंधित अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 62657 41003,




