- October 27, 2026
राज्योत्सव और धान खरीदी की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) की बैठक ली। बैठक में जिले में आगामी छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस -राज्योत्सव 2026 के गरिमामय आयोजन से लेकर धान खरीदी की तैयारियों एवं विभागों में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
*छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और स्वाभिमान का उत्सव है, राज्योत्सव*
कलेक्टर ने कहा कि राज्योत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और स्वाभिमान का उत्सव है। इस वर्ष राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, इसलिए इसका आयोजन अत्यंत गरिमा, भव्यता और के साथ होना चाहिए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को महती जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि –
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने विभागीय उपलब्धियों की प्रदर्शनी हेतु आकर्षक स्टॉल लगाएंगे।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, स्कूली बच्चों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाए।नगर पालिका एवं जनपद पंचायतें शहर को रोशनी, स्वच्छता और रंग-रोगन से सजाएं। सुरक्षा, पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अंततः कलेक्टर ने कहा कि आयोजन स्थल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*लंबित प्रकरणों पर सख्त रुख -*
कलेक्टर ने राजस्व, खाद्य, नगरीय निकाय, विद्युत मंडल, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा सहित सभी विभागों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता से जुड़े प्रकरणों में देरी अक्षम्य है।
राजस्व विभाग के अंतर्गत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं फौती के प्रकरणों को अभियान चलाकर तय समय सीमा के भीतर निराकरण करने निर्देशित की । उन्होंने कहा कि राजस्व शिविरों का आयोजन कर मौके पर ही निराकरण किया जाए।
इसी प्रकार खाद्य विभाग के अंतर्गत राशन कार्ड नवीनीकरण, आधार सीडिंग एवं पीडीएस दुकानों की शिकायतों का त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। नगरीय निकाय को प्रधानमंत्री आवास, नल-जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित आवेदनों पर विशेष ध्यान देने कहा गया। इसी प्रकार विद्युत मंडल को ट्रांसफार्मर खराबी एवं अघोषित कटौती की शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करने प्रधानमंत्री सूर्य बिजली घर योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने निर्देशित किया गया।महिला एवं बाल विकास को आंगनबाड़ी भवन निर्माण, पोषण आहार वितरण एवं महतारी वंदन योजना से संबंधित लंबित स्वीकृतियां की समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग को जाति, निवास एवं छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों का शिविर लगाकर निराकरण करने, शिक्षकों की उपस्थिति एवं स्कूलों की साफ-सफाई पर भी जोर देने कहा गया
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन जनदर्शन में आने वाले आवेदनों की स्वयं मॉनिटरिंग करें और टीएल पोर्टल पर अद्यतन जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
*धान खरीदी की व्यापक तैयारी के निर्देश -*
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी रहा। कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष धान का रिकॉर्ड उत्पादन संभावित है, इसलिए तैयारी व्यापक होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी धान खरीदी केंद्रों में कांटा-बांट का सत्यापन, बारदाने की व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं बायोमेट्रिक मशीनों की जांच पूर्ण कर ली जाए। परिवहन एवं भंडारण के लिए पर्याप्त ट्रकों की व्यवस्था एवं मिलर्स से अनुबंध की प्रक्रिया तेज की जाए। कलेक्टर ने आगे कहा कि धान खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल, शौचालय एवं विश्राम की व्यवस्था अनिवार्य किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि टोकन व्यवस्था को पारदर्शी रखा जाए, किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो।
इसके साथ ही अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने हेतु राजस्व, खाद्य एवं पुलिस की संयुक्त चेकपोस्ट टीम गठित करने निर्देशित की।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 62657 41003,




