- October 30, 2026
कलेक्टरेट परिसर में आधार सेवा केंद्र का पुनः संचालन शुरू, आम नागरिकों को मिलेगी बड़ी सुविधा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। आम नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार जिला कलेक्टरेट परिसर में आधार सेवा केंद्र का पुनः संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इससे जिला मुख्यालय आने वाले नागरिकों को अब आधार संबंधी कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
आधार सेवा केंद्र के पुनः संचालन के अवसर पर आधार नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतम सिंह चौहान ने केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराकर आधार संबंधी कार्यों का सत्यापन किया तथा केंद्र का संचालन नियमानुसार एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ई-जिला प्रबंधक श्री महेन्द्र वर्मा एवं आधार जिला समन्वयक श्री मुकुल धुरंधर उपस्थित रहे।
केंद्र में नागरिकों को आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर सहित अन्य निर्धारित जानकारियों में संशोधन एवं बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों, विशेषकर जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर आधार नोडल अधिकारी श्री प्रीतम सिंह चौहान ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सहज एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। आधार कार्ड विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज है। कलेक्टरेट परिसर में आधार सेवा केंद्र के पुनः संचालन से नागरिकों को एक ही स्थान पर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नागरिकों के कार्यों का समयबद्ध निराकरण करने तथा बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*आधार सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क*
आधार सेवा केंद्र में नया आधार नामांकन सभी आयु वर्गों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी निःशुल्क होगा। UIDAI पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट की सुविधा 14 जून 2027 तक निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। ई-आधार को पोर्टल से कभी भी निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
*आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल एवं लिंग जैसी जनसांख्यिकीय जानकारियों में संशोधन के लिए निर्धारित शुल्क 75 रुपये है। फोटो, फिंगरप्रिंट एवं आइरिस स्कैन सहित बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये शुल्क निर्धारित है। आधार पीवीसी कार्ड ऑर्डर करने के लिए 75 रुपये शुल्क देय होगा, जिसमें प्रिंटिंग, जीएसटी एवं स्पीड पोस्ट डिलीवरी का शुल्क शामिल है। नामांकन केंद्र पर पहचान एवं पते से संबंधित दस्तावेज अपडेट कराने के लिए 75 रुपये निर्धारित हैं। वहीं, अधिकृत केंद्रों पर आधार सर्च एवं प्रिंटआउट की सुविधा के लिए निर्धारित दर के अनुसार 30 से 40 रुपये तक शुल्क देय होगा।
आधार सेवा केंद्र के पुनः संचालन से जिले के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अब अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ सरलता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से मिल सके।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 62657 41003,




