- November 21, 2026
अकवान चक्रवात से प्रभावित फसलों का क्षति आकलन प्रारंभ

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावित हुई फसलों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए कृषि विभाग एवं अधिकृत बीमा कंपनी बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा संयुक्त रूप से फसल क्षति सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री मोनेष साहू, सहायक संचालक कृषि श्री देशराज यादव एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री देवानंद देवांगन सहित संबंधित क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों तथा बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम द्वारा विकासखंड बेरला के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर प्रभावित कृषकों के खेतों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान फसलों की स्थिति का अवलोकन कर चक्रवात के प्रभाव से हुई क्षति का आकलन प्रारंभ किया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रभावित खेतों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए फसल क्षति की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही जिले के अन्य विकासखंडों में भी कृषि विभाग के मैदानी अमले एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है।
कृषि विभाग द्वारा सर्वेक्षण कार्य को गंभीरता एवं तत्परता से संपादित किया जा रहा है, ताकि प्रभावित कृषकों की फसल क्षति का वस्तुस्थिति के अनुरूप आकलन कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। कृषकों से अपील है कि ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं, यदि फसल का भारी नुकसान हुआ है, तो तुरंत सूचना राजस्व विभाग के पटवारी तथा कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को देवें एवं अपनी कटी हुई या खड़ी फसल की फोटो-वीडियो बना लें, खलिहान की फसल को पॉलिथीन से ढक कर सुरक्षित स्थान पर रखें। नुकसान के 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 में सूचना देवें। खड़ी फसल में फसल क्षति का आंकलन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत फसल कटाई प्रयोग के आधार पर किया जाएगा।
: ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी,9425564553 ,6265741003,




