• September 19, 2024

कठिया बेमेतरा में दुनिया का सबसे ऊंचा बांस का टावर, वजन 7400 किलो, एफिल टॉवर की तरह डिजाइन किया गया

कठिया बेमेतरा में दुनिया का सबसे ऊंचा बांस का टावर, वजन 7400 किलो, एफिल टॉवर की तरह डिजाइन किया गया

ट्राईसिटी एक्सप्रेस। न्यूज

विश्व बांस दिवस पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बेमेतरा में तैयार विश्व के सबसे ऊंचे बांस के टावर का ऑनलाइन लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह भी लोकार्पण कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में भव्य सृष्टि उद्योग द्वारा दुनिया के सबसे ऊंचे बांस के टावर का निर्माण किया गया है। करीब 11 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस टावर की ऊंचाई 140 फीट और वजन 7400 किलोग्राम है। पेरिस के एफिल टॉवर जैसी डिजाइन वाला यह टॉवर भव्य सृष्टि उद्योग के फाउंडर और बांस प्रौद्योगिकी से जुड़े गणेश वर्मा ने बनाया है।

 

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रीनितिन गडकरी ने बांस-टॉवर का लोकार्पण करते हुए कहा कि भव्य सृष्टि उद्योग बांस पर लगातार अनुसंधान कर इसकी नई-नई खासियतों को सामने ला रहा है। अपनी नई सोच और पहल से उन्होंने 140 फीट ऊंचा यह टावर बनाया है। यह टावर वजन में हल्का है और इसका जीवन काल कम से कम 25 वर्षों का है। वॉच टावर, टेलीकॉम टावर, ट्रांसमिशन टावर और रेडियो टावर के रूप में इसका उपयोग हो सकता है। उन्होंने कहा कि भव्य सृष्टि उद्योग बांस के उपयोग और इससे निर्मित सामग्रियों की नई-नई डिजाइन और परिकल्पना पर लगातार काम कर रहा है। हम लोग उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं। उनके इस कार्य के लिए मैं उन्हें बहुत बधाई देता हूं।

आदिवासियों के जीवन में आएगा बदलाव

गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार यदि बांस के उपयोग के बारे में कोई नीति बनाती है और उसे प्रोत्साहित करती है, तो वहां के आदिवासियों का जीवन बदल जाएगा। छत्तीसगढ़ के हैंडलूम्स, हैंडीक्रॉफ्ट्स और मेटल-क्रॉफ्ट्स में नए डिजाइन बनेंगे तो उनकी अच्छी बिक्री होगी। मैं डॉ. रमन सिंह के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार से अनुरोध करूंगा कि बांस से फर्नीचर और अन्य सामग्रियों के नए-नए डिजाइन उनकी उपयोगिता के आधार पर तैयार करने के लिए डिजाइन सेंटर बनेंगे तो राज्य में निर्यात करने लायक उत्पाद भी तैयार हो सकेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकार्पण कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि 140 फीट के इस नवनिर्मित टॉवर से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है। दुनिया के सबसे ऊंचे 140 फीट के बांस के टावर को देखकर मैं गौरवान्वित हुआ हूं। इसके लिए मैं भव्य सृष्टि उद्योग से जुड़े सभी साथियों को बधाई देता हूं।

स्टार्ट-अप किसानों से जुड़ा है- डॉ रमन

डॉ रमन ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का यह नया स्टार्ट-अप धरती से जुड़ा है, किसान से जुड़ा है और हमारे वनवासियों से जुड़ा है। सांसद विजय बघेल और विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू भी कठिया में बांस-टॉवर के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। भव्य सृष्टि उद्योग के फाउंडर गणेश वर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी के उत्पादों को नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स, सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट, भारतीय रेलवे, भारतीय सड़क कांग्रेस और अन्य सरकारी संस्थानों द्वारा मान्यता प्राप्त है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस पर्यावरण अनुकूल और अभिनव समाधान को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। मंत्रालय देश के 25 राज्यों में सैकड़ों किलोमीटर की लंबाई में बांस क्रैश बैरियर्स लगाने की परीक्षण परियोजनाएं शुरू करने के लिए तैयार है, जिनका क्रियान्वयन अगले कुछ महीनों के भीतर किया जाएगा। इसके आधार पर बांस क्रैश बैरियर्स की व्यापक स्थापना की संभावनाओं का आंकलन किया जाएगा, जो किसानों, गांवों की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के लिए वरदान साबित हो सकता है।

 

 

 

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 9425564553, 6265741003,


Related News

धमधा भाजपा मंडल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला का आयोजन धमधा में किया, कार्यकर्ता जुटे

धमधा भाजपा मंडल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला का आयोजन…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     धमधा में भारतीय जनता पार्टी के मंडल स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण…
चौथी बार अफीम बरामद, रायगढ़ में खुलासा, अरुण वोरा बोले- सरकार अब ज़्यादा दिन सच दबा नहीं सकती

चौथी बार अफीम बरामद, रायगढ़ में खुलासा, अरुण वोरा बोले- सरकार अब…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज छत्तीसगढ़ में अवैध नशे की खेती के लगातार हो रहे खुलासों ने शासन-प्रशासन की…
राजमिस्त्री ठेकेदार कल्याण संघ बेरला की मासिक बैठक कबीर कुटी भवन बेरला में हुई

राजमिस्त्री ठेकेदार कल्याण संघ बेरला की मासिक बैठक कबीर कुटी भवन बेरला…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज राजमिस्त्री ठेकेदार कल्याण संघ बेरला की मासिक बैठक कबीर कुटी भवन बेरला में संपन्न…