- June 2, 2025
संविधान बचाओ रैली में जुटे कांग्रेसी,डबल इंजन की सरकार के खिलाफ भरी हुंकार

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग और भिलाई के संयुक्त बैनरतले सोमवार को दुर्ग शहर में संविधान बचाओ रैली निकाली गई। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक देवेन्द्र यादव, पूर्व विधायक अरुण वोरा, बीडी कुरैशी, प्रतिमा चंद्राकर, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, आरएन वर्मा, शंकरलाल ताम्रकार, दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर,दुर्ग कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के अलावा कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शामिल होकर केन्द्र की मोदी सरकार के नीतियों की जमकर आलोचना की और छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार को जनविरोधी सरकार बताया। यह संविधान बचाओ रैली स्थानीय राजीव भवन (कांग्रेस भवन) से प्रारंभ होकर गांधी चौक, जवाहर चौक, मोती कॉम्पलेक्स, पुराना बस स्टैण्ड, पटेल चौक होते हुए गांधी प्रतिमा स्थल हिन्दी भवन के सामने पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान बचाओ के नारे लगाते हुए मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में कांग्रेस का ध्वज थामे हुए थे। इसके पहले राजीव भवन (कांग्रेस भवन) में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर जोश भरा। श्री बघेल ने कहा कि देश का संविधान सभी वर्गों को समानता का अधिकार देता है। सामाजिक न्याय प्रदान करता है। रोजगार प्राप्त करने का लोगों को अवसर देता है, लेकिन केन्द्र की मोदी सरकार देश के संविधान को बदलने में तुली हुई है। ऐसी संविधान विरोधी केन्द्र सरकार की मंशा को कांग्रेस किसी भी सुरत में पूरा नहीं होने देगी। कांग्रेस इसका हर मोर्चे पर विरोध करेगी। उन्होने कहा कि कांग्रेस जातिगत जनगणना की लंबे समय से मांग कर रही थी। कांग्रेस की मांग पर केन्द्र सरकार ने जातिगत जनगणना करवाने की घोषणा की है, लेकिन यह विषय अभी संसद में पारित नहीं हुआ है। जो केन्द्र सरकार महिला आरक्षण नहीं दे सकी है। इससे जातिगत जनगणना को लेकर अपेक्षा करना व्यर्थ है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत और पाकिस्तान युद्ध के बाद सीजफायर करने पर भी सवाल उठाया है। उन्होने कहा कि युद्ध के दौरान अचानक सीजफायर कर दिया गया, जिससे सेना का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया गया है। श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार स्कूलें बंद करा रही है। रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। जिससे स्पष्ट हो गया है कि ये डबल इंजन की सरकार केवल उद्योगपतियों की सरकार है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केन्द्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं के घरों पर ईडी व सीबीआई के सैकड़ों छापे पड़े है। मेरे घर व भिलाई विधायक देेवेन्द्र यादव के घर भी छापे डलवाए गए, लेकिन ईडी व सीबीआई को कुछ भी नहीं मिला है। आजादी के समय लड़ाई में जब हम अंग्रेजों से नहीं डरे, तो अब मोदी सरकार की इस तानाशाही से कांग्रेसी डरने वाले नहीं है। दुर्ग जिला ग्रामीण कांगे्रस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कि कांग्रेस ने हमेशा भाजपा की नीतियों का विरोध किया है। भाजपा अगर संविधान व आरक्षण से छेड़छाड़ करेगी,तो कांग्रेस सड़क की लड़ाई लड़ने तैयार है। उन्होने कहा कि मनरेगा में मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है। केन्द्र सरकार मनरेगा को खत्म करना चाहती है। ये डबल इंजन की सरकार आम जनता की सरकार नहीं है। जिससे आम जनता को अब तक कोई लाभ नहीं मिला है।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि आज संविधान के अनेक मूलभूत सिद्धांतों का सुनियोजित ढंग से हनन किया जा रहा है। हमारा संविधान, जो बीते 75 वर्षों से भारत के एक-एक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करता आया है, वही संविधान आज भाजपा सरकार के शासन में खतरे में है। आज इसकी रक्षा के लिए आवाज़ उठाना न सिर्फ ज़रूरी, बल्कि ऐतिहासिक जि़म्मेदारी बन चुकी है।
इसके अलावा सभा को पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू व कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। रैली में रिसाली महापौर शशि सिन्हा, कांग्रेस नेता दीपक दुबे, मध्य ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान, नगर निगम के पूर्व एमआईसी सदस्य ऋषभ जैन (बाबू), कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर, अतुल साहू, राजेश गुप्ता, जितेन्द्र साहू, सुनील चौधरी, बृजमोहन सिंह, संदीप वोरा, धर्मेन्द्र यादव, पूर्व सभापति राजेश यादव,राजकुमार नारायणी, कांग्रेस नेत्री नीता लोढ़ी, रत्ना नारमदेव, प्रेमलता साहू, राजू धनकर, अबरार पुआर, मुकेश साहू, राहूल शर्मा, राजकुमार वर्मा, शिशिरकांत कसार, सौरभ ताम्रकार, गुरजीत सिंह, मोहित वाल्दे, प्रीतम देशमुख, तिलक सिंह राजपूत, राजीव गुप्ता, जीवन लाल वर्मा, अश्वनी साहू के अलावा जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे।