- June 24, 2025
पद्मनाभपुर में वार्ड वासियों की सहमति से काटे गए पेड़ मिनी स्टेडियम बन गया था नशेडिय़ों व शराबखोरो का अड्डा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

दुर्ग। पद्मनाभपुर स्थित मिनी स्टेडियम के पीछे कथित रूप से की गई पेड़ों की कटाई का दूसरा पहलू सामने आया है। बताया गया है कि पुराने जर्जर हो चुके और कीड़ों का चारागाह बन चुके इन पेड़ों की कटाई की मांग वार्ड वासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। जनभावना के अनुरूप नागरिकों ने स्वयं पड़ों को कटवाया है और नया वृक्षारोपण किया है।
जानकारी के अनुसार मिनी स्टेडियम के पास जिन तीन से चार पेड़ों की कटाई की गई है, ये पेड़ वार्ड के नागरिकों के लिए एक नहीं कई कारणों से परेशानी का सबब बने हुए थे। पड़ों की डाले विद्युत तारों से टकराकर झूलने लगी थी इससे बार-बार विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही थी और विद्युत के तार टूटने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था। इससे आम नागरिकों के साथ स्टेडियम में खेलकूद के लिए आने वाले बच्चों पर भी जान का खतरा मंडरा रहा था। पेड़ कीड़े-मकोड़ों के साथ जहरीले जीव जन्तु का भी पनाहगार बन गया था। पड़ों से अजीब किस्म की बदबू उत्पन्न हो रही थी। जिससे आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा था। पेड़ की आड़ में असमाजिक तत्व नशाखोरी में सक्रिय थे। सभ्रान्त लोगों को आवागमन में भी भारी परेशानी हो रही थी। आसपास के क्षेत्र के दर्जनों नागरिकों ने प्रतिनिधि को बताया कि इन पेड़ों को काटने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
स्टेडियम में रात को होता था असमाजिक तत्वों का जमावड़ा
पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम खेल प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए बनाया गया है। सुबह से लेकर शाम तक बच्चों को खेल का अभ्यास करते हुए देखा जाता है लेकिन रात्रि कालीन समय में यह स्टेडियम असमाजिक तत्वों और नशेडिय़ों का अड्डा बन गया है। स्टेडियम के भीतर पड़ी शराब की बोतलों, प्लास्टिक गिलास व पानी के पाउच इसका उदाहरण है। स्टेडियम का गेट खुले रहने के कारण नशाखोर सरेआम बैठकर शराब गांजा और ब्राउन सुगर का सेवन करते है और नशे के उन्माद में गाली-गलौच करते नजर आते है। नशेडिय़ों का सारा कुकर्म इन पेड़ों की आड़ में होकर किया जाता रहा है।
कटाई के बाद तत्काल किया गया वृक्षारोपण
पड़ों की कटाई के बाद पर्यावरण को किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है और न ही जगह का कोई दुरूपयोग हो रहा है। बल्कि पार्षद संजय अग्रवाल के साथ नागरिकों द्वारा नये पौधों का वृक्षारोपण किया गया है। इस पहल का वार्ड के नागरिकों ने स्वागत किया है।

जनभावना मेरे लिए सर्वोपरि-अग्रवाल
पद्मनाभपुर वार्ड 45 के भाजपा पार्षद व अपील समिति के सदस्य संजय अग्रवाल का कहना है कि वार्ड के नागरिकों की जनभावना मेरी लिए सर्वोपरि है। नागरिक लंबे समय से पेड़ की वजह से उत्पन्न परेशानियों से निजात दिलाने की मांग कर रहे थे। रविवार को नये पौधों का वृक्षारोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम को असमाजिक तत्व से बचाने नया गेट लगाया गया है। जिसे शाम के बाद बंद कर दिया जाएगा। खेल प्रेमियों को सुविधा दिलाना मेरे नैतिक जिम्मेदारी है कटाई के नाम पर बेवजह विवाद की स्थिति पैदा की जा रही है।




