- September 3, 2025
निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्ण ढंग से हो ब्लाक अध्यक्षों का चुनाव, नये युवाओं को मिले अवसर: भाटिया

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस कमेटी व्दारा ब्लाक अध्यक्षों के चयन के लिए अपनाई गयी प्रक्रिया पर सवाल उठने का दौर शुरु हो गया है। वरिष्ठ नेता मदन जैन के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व पूर्व पार्र्षद फत्ते सिंह भाटिया ने कहा है कि ब्लाक अध्यक्षों का चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।
श्री भाटिया ने कहा कि वर्तमान समय में कांग्रेस विषम परिस्थिति के दौर से गुजर रही है। अगले चुनाव से पहले कांग्रेस के पास दुबारा नये सिरे से मजबूत होने का पर्याप्त अवसर हैं। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत इससे पहले लंबे समय से एक ही लोगों को ब्लाक अध्यक्ष के रुप में काम करने का अवसर मिलता रहा है। लंबे समय से काम करने की वजह से इनके पास एक बड़ा अनुभव मौजूद हैं। इनके अनुभवों का इस्तेमाल पार्टी में किसी बड़े प्लेटफार्म या बड़ी जिम्मेदारी देकर किया जाना चाहिए। ब्लाक अध्यक्ष के रुप में काम करने को लेकर नये व युवा वर्ग में भारी उत्साह है इनकी प्रतिभा का प्रदर्शन इन्हे ब्लाक अध्यक्ष के रुप में जिम्मेदारी देकर किया जाना चाहिए इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और कांग्रेस नये सिरे से मजबूत होगी.
श्री भाटिया ने आगे कहा कि वे किसी भी नेता व पदाधिकारी के विरोधी नहीं है सबकी क्षमता का सम्मान करते हैं। कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए नये और युवा वर्ग को आगे लाने की जरुरत हैं। इसका लाभ आने वाले समय में कांग्रेस को मिलेगा। कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता असंतुष्ट न हो और कार्यकर्ताओं का मनोबल भी प्रभावित न हो इसके लिए सामूहिक रुप से काम करने की जरुरत हैं। श्री भाटिया ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी नये व युवा वर्ग को आगे लाने की बात कही है। इसके परिपालन में ब्लाक अध्यक्ष के पद पर नये लोगों को काम करने का अवसर दिया जाना चाहिए।




