- October 6, 2025
शहर अध्यक्ष के पावर सेन्टर का केन्द्र होने की वजह से कांग्रेस में दावेदारों में उत्साह, ढाई दशक से कोई भी अध्यक्ष कांग्रेस संगठन को नहीं बना पाया मजबूत

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद को लेकर कांग्रेस में दो दर्जन से अधिक दावेदार हैं। जिला संगठन चुनाव के लिए केन्द्र से आये पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू शहर में कार्यकर्ताओं से बेहतर अध्यक्ष कौन होगा। इसके लिए वन टू वन चर्चा कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बड़े नेता अपने समर्थकों का नाम पैनल में शामिल कराने के लिए प्रयासरत है।
केन्द्र से आये पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि नई व्यवस्था के तहत शहर कांग्रेस का अध्यक्ष पावर सेंटर का केन्द्र बिन्दू रहेगा। इस बार कांग्रेस का अध्यक्ष किसी भी बड़े नेता के पाकिट से निकलकर नहीं आयेगा। बल्कि कार्यकर्ताओं की पसंद से चुना जायेगा। चुने जाने के बाद 3 माह तक उसके कार्यप्रणाली की समीक्षा होगी उसके बाद 5 साल के लिए उसे नियमित किया जायेगा। केन्द्रीय पर्यवेक्षक ने यह भी कहा है कि कांग्रेस का अध्यक्ष विधानसभा व लोकसभा के चुनाव में टिकट वितरण समिति में शामिल रहेगा। टिकट वितरण में कांग्रेस अध्यक्ष की राय महत्वपूर्ण मानी जायेगी। नई व्यवस्था के तहत अध्यक्ष चुने जाने को लेकर दावेदारों में भारी उत्साह हैं। ऊर्जावान समर्पित युवा कांग्रेसी जोर शोर से सक्रिय हैं। कांग्रेस अध्यक्ष की दावेदारी के लिए फार्म में कांग्रेस से पहले किस दूसरी पार्टी में थे इसका भी कालम बनाया गया है जो कुछ दावेदारों के लिए जो कांग्रेस को छोड़कर दूसरी पार्टी में गये उसके बाद फिर वापस आ गये उनके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। यहां गौरतलब है कि पिछले ढाई दशक से शहर कांग्रेस में अभी तक जो भी अध्यक्ष रहा है वह कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में कमजोर साबित हुआ है। दुर्ग शहर कांग्रेस संगठन की स्थिति पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे कमजोर संगठन के रुप में गिनी जाती रही है। पिछले विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को शर्मनाक पराजय का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस को मजबूत बनाने नये चेहरे वाले अध्यक्ष की जरुरत महसूस की जा रही है। कार्यकर्ता भी नये चेहरों को मौका देने की बात कह रहे है।




