- October 7, 2025
मां और बेटी की हादसे में दर्दनाक मौत, लापरवाह ट्रैक्टर ट्राली का चालक गिरफ्तार, गयानगर में सामने आया हादसा, लोगों में आक्रोश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक चंडी चौक-उरला मार्ग पर स्थित मधुबन टेंट हॉउस के पास मंगलवार की सुबह हृदय विदारक हादसे में गयानगर निवासी एक मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनके शरीर के ऊपर से एक अनियंत्रित ट्रैक्टर का ट्रॉली गुजर गया। जिससे एक साल की मासूम बच्ची वामिका साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 28वर्षीय मां मोनिका साहू ने जिला अस्पताल में ईलाज के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दी। पति विकास साहू हादसे में बाल बाल बच गए। उसे मामूली चोटे आई है।
मिली जानकारी के मुताबिक साहू दंपत्ति अपनी पुत्री वामिका साहू को बुखार आने की शिकायत पर मंगलवार की सुबह 11.30 बजे जब डॉक्टर से चेकअप करवाने चंडिका हॉस्पिटल गयानगर की ओर हीरो पैशन प्लस बाईक पर सवार होकर जा रहे थे। तब यह हृदय विदारक व दर्दनाक हादसा सामने आया। हादसे के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली के लापरवाह चालक को दोषी बताया गया है। मिट्टी से भरा ट्रैक्टर ट्रॉली चंडी चौक से उरला की ओर जा रहा था, वहीं बाईक सवार साहू दंपत्ति चंडी चौक की ओर आ रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के अचानक ओव्हरटेक करने और मार्ग पर भीड़भाड़ होने से साहू दंपत्ति हड़बड़ाकर अचानक बाईक समेत सड़क पर गिर गए। इस बीच साहू दंपत्ति सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली के चपेट में आ गया। बच्ची वामिका साहू और उसकी मां मोनिका साहू के शरीर के ऊपर से ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया गुजर गया,जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मां ने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाईक चालक पति विकास साहू के मार्ग पर दूसरी तरफ गिरने से वह हादसे में बाल बाल बच गए। इस हृदय विदारक व दर्दनाक हादसे से क्षेत्र के लोगों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। हादसे की खबर पर मौके पर पहुंंची पुलिस द्वारा लापरवाह चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है, वहीं हादसे की खबर पर क्षेत्र की पार्षद और नगर निगम में एमआईसी सदस्य लीना देवांगन, एमआईसी सदस्य नरेन्द्र बंजारे, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, पार्षद विजयंत पटेल तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल साहू दंपत्ति के मदद में जुटे रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों की मदद से हादसे में घायल मां और बेटी को प्रारंभिक उपचार के लिए तत्काल चंडिका हॉस्पिटल पहुंचाया, फिर उनके ही मदद व प्रयास से मां और बेटी को ईलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गई, लेकिन हादसे में मां और बेटी को गंभीर चोटे आने से उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक मां और बेटी का कल 8 अक्टूबर को अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया गया है कि हादसे में घायल विकास साहू टेड़ेसरा के एक फैक्ट्री में कार्य करता है। उसकी पत्नी व बेटी की मौत होने से साहू परिवार में शोक का माहौल है।




