- November 29, 2025
दुर्ग कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की पसंद पर हाईकमान ने लगाई मुहर, धीरज बाकलीवाल बने नए अध्यक्ष

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

दुर्ग । कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने इस बार वो फैसला कर दिखाया है, जो कांग्रेस के 70 साल के इतिहास में दुर्ग में कभी देखने को नहीं मिला। कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष जैसे सबसे अहम पद पर युवाओं को मौका दिया है।
दुर्ग के पूर्व महापौर युवा नेता धीरज बाकलीवाल को दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दुर्ग जिला ग्रामीण से राकेश ठाकुर को दोबारा मौका दिया गया है। वहीं भिलाई से मुकेश चंद्राकर पुन: भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए है। नियुक्तियों की घोषणा देर रात की गईं। इसके बाद युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस नई नियुक्ति से कांग्रेस में जान लौट आई है। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबियों में से एक है। धीरज की शहर अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कई मायनों में खास है। बताया गया है कि दुर्ग शहर के एक स्थानीय नेता उनके नियुक्ति के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए थे। उसके बावजूद भी धीरज बाकलीवाल का अध्यक्ष बनना, धीरज की बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर और भिलाई कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर का इन पदों पर उनके कार्यों को देखते हुए रिपीट होने तय माना जा रहा था, जिस पर कांग्रेस हाईकमान ने भी मुहर लगा दी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से शुक्रवार देर रात जिलाध्यक्षों की जारी सूची ने भिलाई-दुर्ग में कांग्रेस की संगठनात्मक राजनीति में नई ऊर्जा और संतुलन का संचार किया है। भिलाई शहर से मुकेश चंद्राकर और दुर्ग ग्रामीण से राकेश ठाकुर को दोबारा जिम्मेदारी मिलना यह संकेत है कि एआईसीसी उनके संगठनात्मक काम, जनसंपर्क क्षमता और पिछले कार्यकाल के प्रदर्शन से संतुष्ट है। इन दोनों नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में बूथ स्तरीय नेटवर्क को मजबूत किया है। कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाई है। दूसरी ओर दुर्ग शहर से पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल को जिलाध्यक्ष बनाना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। युवा, लोकप्रिय और सहज व सरल छवि वाले नेता हैं, जो जनता और संगठन दोनों के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं। दुर्ग शहर में कांग्रेस को नए उत्साह और नेतृत्व की आवश्यकता थी, जिसे पूरा करने के लिए बाकलीवाल का चयन किया गया है। तीनों जिलों भिलाई शहर, दुर्ग शहर और दुर्ग ग्रामीण के लिए घोषित जिलाध्यक्षों के चयन में अनुभव, स्थिर नेतृत्व और स्थानीय समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है। दुर्ग-भिलाई छत्तीसगढ़ की राजनीति का केंद्रीय गढ़ माना जाता है। यहां से कांग्रेस में दो-दो मुख्यमंत्री और प्रमुख मंत्री रहे हैं। अगले साल की आखिर में निगम भिलाई, रिसाली और चरोदा तथा 2028 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से यह नियुक्तियां संगठन विस्तार, अंतर्कलह कम करने और एकजुट रणनीति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल- पूर्व महापौर रहते पारदर्शिता, विकास और बेदाग छवि उनकी पहचान रही है। निर्गुट व्यवहार, सभी खेमों में स्वीकार्यता, संगठनात्मक संतुलन और प्रशासनिक अनुभव ने उन्हें दुर्ग शहर में स्वाभाविक नेतृत्वकर्ता बना दिया।
दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश ठाकुर -खाद, बीज, पानी और बिजली जैसे मुद्दों पर राकेश ठाकुर ने प्रभावी आंदोलन खड़ा किया। सादगी, व्यापक जनाधार, ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क उन्हें दुर्ग ग्रामीण का सबसे सक्रिय और संघर्षशील नेतृत्व बनाते हैं। वे लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर -तीन वर्षों से मुकेश चंद्राकर, शांत, स्थिर और संतुलित नेतृत्व देते आ रहे हैं। सरल छवि, संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं में सहज उपलब्धता और जमीनी जुड़ाव ने उन्हें भिलाई में संगठन का दोबारा भरोसेमंद चेहरा बनाया।




