• September 24, 2024

हर बार की तरह एक बार फिर हेलमेट को लेकर अभियान…पता नहीं कितने दिन चलेगा, इधर ट्रैफिक नियमों शिकायत अब एम परिवहन एप पर भी

हर बार की तरह एक बार फिर हेलमेट को लेकर अभियान…पता नहीं कितने दिन चलेगा, इधर ट्रैफिक नियमों शिकायत अब एम परिवहन एप पर भी

ट्राईसिटी एक्सप्रेस। न्यूज

तीज-त्योहार का सीजन आते ही प्रशास​निक महकमा भी सक्रिय हो गया है। अब यह सक्रियता किस चीज को लेकर है, यह वही जाने, लेकिन अब दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन का यह फरमान एक बा​र फिर जारी हुआ है। पता नहीं यह अभियान अब कितने दिन चलेगा। कितने दिन हेलमेट नहीं लगाने वालों पर कार्रवाई होगी। बता दें कि दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट लगाना अनिवार्य है। हेलमेट लगाना भी चाहिए, लेकिन ट्रैफिक पु​लिस की समय-समय पर दी गई ढिलाई के कारण वाहन चालक भी लापरवाह हो जाते हैं। वे हेलमेट लगाना बंद कर देते हैं, इसके बाद ट्रैफिक पुलिस को चालानी कार्रवाई करनी पड़ती है। फिर लोग हेलमेट लगाना शुरू करते हैं, और पुलिस फिर से ढिलाई देना शुरू कर देती है। पिछले करीब कई दशकों से ट्रैफिक नियमों का पालन कराए जाने की यह खानापूर्ति लगातार चल रही है। हम अब तक लोगों को हेलमेट लगाने के लिए जागरूक नहीं कर पाए हैं। बहरहाल आदेश जारी कर दिया गया है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और एसपी जितेंद्र शुक्ला ने इसे लेकर सख्ती के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में इसे लेकर निर्णय लिया गया। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने सहित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रभावी उपाय करने को कहा गया। साथ ही ट्रैफिक नियमों से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए एम परिवहन एप के लिए लोगों को जागरूक करने की सलाह दी गई। बैठक में
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य सड़कों पर हुई दुर्घटनाओं की रोड, थाना तथा सड़कवार रिर्पाेट्स की गहन समीक्षा की तथा चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की सड़कों में यातायात सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिये गये। इसमें विशेष रूप से सड़कों से अवैध कब्जे हटाना, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, रोड मार्किंग व गति नियंत्रक बोर्ड लगाना आदि शामिल है। कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता बढ़ाने तथा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दुर्घटना से बचने के लिए दो पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने के निर्देश दिए कलेक्टर सुश्री चौधरी ने जनवरी 2024 से सितम्बर 2024 तक सड़क दुर्घटनाओं की रोड, समय एवं वाहन वार समीक्षा की। उन्होंने लेफ्ट टर्न फ्री लगाने एवं डिवाईडर लगाने को कहा। यातायात नियमों की पूरी जानकारी नही होने के कारण लोग जहां तहां कही से भी टर्न हो जाते है जिसके कारण दुर्घटनाएं होती है। जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग और राजकीय सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के सड़कों में होने वाले सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता लाने को कहा गया। उन्होंने आमजनों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल दिया। सड़क दुर्घटना रोकने के लिए व्यापक प्रयास करने बल दिया।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के संभावित दुर्घटना क्षेत्रों को चिन्हांकित कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम करने को कहा, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने हेतु राष्ट्रीय राजमार्गो को सहायक सड़कों से जोड़ने वाले पॉइंट पर गति अवरोधक रम्बल्ड स्ट्रिप बनाने को कहा। इस हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हांकित स्थानों में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने दुर्घटनाजन्य वाले स्थानों पर गति नियंत्रण के लिए जिगजैग, आवश्यक स्थानों पर साईन बोर्ड लगाने, रात्रि में अंधेरे की वजह से हो रही दुर्घटनाओं वाले स्थानों में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। डीएसपी यातायात सतीश ठाकुर ने बताया कि जनवरी माह की अपेक्षा लगातार दुर्घटनाओं में कमी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार माह जनवरी 2024 से सितम्बर 2024 तक घटित मृत्युजन्य सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण किया गया, जिसमें सबसे अधिक बिना हेलमेट पहने वाहन चलाना एवं शराब का सेवन किया जाना पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि सड़कों पर ब्लैक स्पॉट्स को कम करने कोशिश लगातार जारी है। लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग को नेहरू नगर, शिवनाथ नदी, नेवई ओवर ब्रिज में डिवाईडर का निर्माण कराने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था कराने, बारिश के कारण शिवनाथ नदी पुल के दोनांे किनारे में एकत्रित रेती, गिट्टी, मिट्टी की सफाई करने और पुलगांव नाला पुल पर बने क्षतिग्रस्त क्रस बैरियर का मरम्मत करने को कहा। भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी को नेहरू नगर ब्रिज से पंथी चौक तक रोड चौड़ीकरण कर डिवाईडर निर्माण एवं लाईट की व्यवस्था, सुपेला अंडर ब्रिह के पास गैरेज रोड में जे.पी. चौक के दोनों ओर 100-100 तक डिवाईडर एवं रोटरी निर्माण कराने, चाईना मार्केट को बोरिया गेट से अन्यत्र स्थानांतरित करने हेतु उपयुक्त जगह चिन्हांकित करने को कहा गया।

एम परिवहन एप को बताया सबसे कारगर

ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से ’एम परिवहन एप’ प्रारंभ किया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप के माध्यम से यातायात नियमों का पालन ना करने वालो का फोटो/वीडियो शेयर किया जा सकता है। जिस पर पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक एवं डी.एस.पी. ने एम परिवहन एप को अधिक से अधिक डाउनलोड करने की अपील की है। बैठक में एडीएम अरविंद एक्का, सहायक कलेक्टर एम.भार्गव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अश्वनी देवांगन, नगर निगम भिलाई के प्रभारी आयुक्त बजरंग दुबे, नगर निगम रिसाली मोनिका वर्मा, नगर निगम दुर्ग लोकेश चंद्राकर, नगर निगम भिलाई चरोदा दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर मुकेश रावटे, ऋचा मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।


Related News

प्रति एकड़ 2 बोरी की जगह अब मिलेगा सिर्फ 1 बोरी यूरिया, किसानों के साथ हो रहा छल: राकेश ठाकुर

प्रति एकड़ 2 बोरी की जगह अब मिलेगा सिर्फ 1 बोरी यूरिया,…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बुधवार को…
शहर की सड़कों की सफाई में आई रफ्तार, आधुनिक मशीन से घंटों में हो रहा कार्य, मैन्युअल कार्य की तुलना में कई गुना तेज हुई सफाई व्यवस्था

शहर की सड़कों की सफाई में आई रफ्तार, आधुनिक मशीन से घंटों…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। नगर पालिक निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशानुसार शहर की स्वच्छता व्यवस्था…
डॉ. अनिल अग्रवाल ने राजनीति के बड़े भविष्य वक्ता के रूप में बनाई पहचान, 13 अप्रैल को ही कर दी थी ममता बनर्जी के हारने और टीएमसी की सरकार गिरने की घोषणा, बीजेपी की तीन राज्यों में सरकार बनने की भविष्यवाणी भी सही, अब तक 8 से ज्यादा चुनावों का पूर्वानुमान हो चुका सही

डॉ. अनिल अग्रवाल ने राजनीति के बड़े भविष्य वक्ता के रूप में…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज डा. अग्रवाल का राजनैतिक पूर्वानुमान एक बार फिर हुआ सही साबित दुर्ग। अंचल के…