- January 22, 2026
मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0 विशेष अभियान एवं आगामी नेशनल लोक अदालत की सफलता हेतु अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0 विशेष अभियान एवं आगामी नेशनल लोक अदालत को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग द्वारा श्रम न्यायालय, दुर्ग में प्रकरणों की पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
उक्त बैठक में श्रम न्यायालय में लंबित प्रकरणों को आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से निराकृत किए जाने हेतु मध्यस्थता एवं लोक अदालत के माध्यम से समाधान के लाभों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग द्वारा अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने-अपने पक्षकारों को मध्यस्थता एवं नेशनल लोक अदालत के लाभों से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों को समझौते के माध्यम से निराकृत कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
बैठक के दौरान उन्होंने संबोधित किया कि “मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0” अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों पर लंबित मामलों के भार को कम करना, समय एवं व्यय की बचत करना तथा पक्षकारों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। आगामी नेशनल लोक अदालत में श्रम विवादों के अधिकतम निराकरण हेतु अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अधिवक्ताओं द्वारा अभियान एवं नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। उक्त बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग के सचिव, श्रम न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्तागण एवं संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




