- February 5, 2026
नागरिक सहकारी बैंक दुर्ग के डायरेक्टर के 9 पदों का मतदान के जरिए होगा फैसला

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के कुल 12 में से 9 संचालक मंडल सदस्य पद (डायरेक्टर) का चुनाव मतदान के जरिए होगा। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन यह चुनावी स्थिति स्पष्ट हुई। अनारक्षित वर्ग (सामान्य वर्ग) के 6 पदों के लिए प्रत्याशी मंगल प्रकाश गुप्ता, पवन कुमार जैन, अंजय ताम्रकार, आमबर ताम्रकार, मनोज कुमार ताम्रकार, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, दिनेश कुमार मारोटी, अखिलेश मिश्रा,राजेश यादव, वेंकट सांई शास्त्री राव, कमल नारायण रुंगटा, संजय सिंह चुनाव मैदान पर है। इसी प्रकार सामान्य वर्ग (महिला) के लिए आरक्षित दो पदों के लिए प्रत्याशी सुनीता अग्रवाल, रजनी जोशी, संध्या तिवारी, नीलू देवांगन के बीच मुकाबला होगा। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित एक पद पर पदम कुमार ताम्रकार और तेजबहादुर बंछोर के बीच आमने-सामने की टक्कर होगी। संचालक मंडल सदस्य (डायरेक्टर) के 9 पदों पर प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आबंटित कर दिए गए है। मतदान 14 फरवरी को श्री गुर्जर क्षत्रिय गुजराती समाज भवन मोतीपारा में होगा। मतदान के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे का समय निर्धारित किया गया है। मतदान उपरांत इसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के संचालक मंडल सदस्य (डायरेक्टर) पद के लिए हो रहे चुनाव में दो पैनल पहली बार आमने-सामने है। रुंगटा पैनल की कमान बैंक के पूर्व अध्यक्ष कमल नारायण रुंगटा संभाले हुए है, जबकि परिवर्तन पैनल का नेतृत्व बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश यादव के जिम्मे में है। यह चुनाव दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। लिहाजा वे जीत के लिए कोई भी कसर बाकी नहीं रखना चाहते है। जिससे दोनो पैनलों के प्रत्याशी चुनावी प्रचार-प्रसार में कूद पड़े है। जिसके चलते संचालक मंडल सदस्य (डायरेक्टर) पद के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। बता दें कि नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के संचालक मंडल सदस्य (डायरेक्टर) पद के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव की गुरुवार को नामांकन वापसी का अंतिम दिन था। निर्धारित समय से पहले दो प्रत्याशी दीपक चावड़ा और रविशंकर भट्ट ने अपना नामांकन वापस ले लिया। चुनाव में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद निर्वाचन अधिकारी देवाशीष दास द्वारा निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशियों के नामों की भी घोषणा कर दी गई है। जिसके अनुसार सनदी लेखाकार (चार्टर्ड एकाउटेंट) के लिए आरक्षित दो पद के लिए श्रीपाल कोठारी और अरविंद चंद सुराना को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है,वहीं अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित एक पद पर श्रीमती वसुन्धरा चौरे निर्विरोध निर्वाचित हुई है। रिटर्निंग अधिकारी देवाशीष दास ने बताया कि बैंक के निर्वाचन के अंतिम चरण में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य सोसायटियों के प्रतिनिधियों व अन्य पदाधिकारियों के निर्वाचन के लिए 16 फरवरी को सूचना जारी की जाएगी। इन पदों पर निर्वाचन की प्रक्रिया 20 फरवरी को शाम 4 बजे से बैंक मुख्यालय अस्पताल वार्ड पचरीपारा में पूरी की जाएगी।




